बलौदाबाजार, 08 जनवरी 2026/sns/- जिले में संचालित निःशुल्क नवप्रेरणा कोचिंग के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण अंचल के छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर लाभान्वित हो रहे हैं। इस कोचिंग से सत्र 2022-23 में पुलिस विभाग में जिले के 7 विद्यार्थी चयनित हुए है। कलेक्टर दीपक सोनी ने सभी चयनित युवाओं को बधाई एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनायें दी है।
चयनित विद्यार्थियों में बलौदाबाजार विकासखण्ड के ग्राम रिसदा से कुमारी तनु वर्मा एवं निशा वर्मा, सोनपुरी से शोभित कुर्रे, खैरा दतान से खेमेश्वरी मिरी, पलारी विकासखण्ड के ग्राम अछोली से पिंकी बांधे, टुण्डरा विकासखण्ड के ग्राम खपराडीह से किशन राय एवं कसडोल विकासखण्ड के ग्राम भदरा से सनत कुमार शामिल हैं।
निःशुल्क नवप्रेरणा कोचिंग संस्थान का संचालन कलेक्टर दीपक सोनी के दिशा-निर्देश एवं जिला शिक्षाधिकारी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। यह संस्थान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग तथा छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी हेतु सहायता प्रदान कर रहा है।

