छत्तीसगढ़

डिजिटल टोकन एवं पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था से धान विक्रय करना हुआ आसान

अंबिकापुर, 05 जनवरी 2026/sns/-  जिले में समर्थन मूल्य पर संचालित धान उपार्जन केन्द्रों में लागू पारदर्शी एवं डिजिटल व्यवस्था से किसानों को धान विक्रय में सुविधा मिल रही है। टोकन आधारित प्रणाली एवं ऑनलाइन सेवाओं के कारण अब किसान बिना किसी परेशानी के सरल, सुगम और सुरक्षित तरीके से धान विक्रय कर पा रहे हैं।
अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी खुर्द के निवासी लघु वर्ग के किसान श्री इंद्र प्रसाद कुजूर ने बताया कि इस वर्ष अच्छी वर्षा के कारण धान की फसल बेहतर हुई है। उन्होंने बताया कि उनका कुल 100 क्विंटल धान का रकबा है। श्री कुजूर ने कहते हैं कि शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए “किसान तुहंर टोकन” ऐप के माध्यम से उन्हें घर बैठे ही टोकन काटने की सुविधा मिली। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना पहला टोकन 100 क्विंटल धान के लिए स्वयं मोबाइल के माध्यम से काटा, जिसमें उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। डिजिटल व्यवस्था के चलते टोकन कटाने की प्रक्रिया पूरी तरह सहज और पारदर्शी रही।
उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि पर रामपुर धान उपार्जन केंद्र पहुंचते ही उन्हें गेट पास, नमी परीक्षण की सुविधा तत्काल उपलब्ध कराई गई तथा बिना विलंब के बारदाना भी प्रदान किया गया। इससे धान विक्रय की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
किसान श्री कुजूर ने बताया कि समिति केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था उपलब्ध है। साथ ही समिति के कर्मचारियों द्वारा किसानों को पूरा सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे केंद्र में व्यवस्था सुचारू बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा धान का सर्वाधिक समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल प्रदान किया जा रहा है तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को बड़ा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष धान विक्रय से प्राप्त आय से उन्होंने अपने पुत्र का विवाह संपन्न कराया।
श्री कुजूर ने बताया कि वे धान के साथ-साथ वे गेहूं, तिलहन एवं सब्जी सहित अन्य फसलों की खेती भी कर रहे हैं, जिससे उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान धान खरीदी व्यवस्था से बेहद संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में लागू की गई पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *