कवर्धा, 27 दिसंबर 2025/sns/-कवर्धा जिले में शासन की पारदर्शी, सुगम और किसान-हितैषी धान खरीदी व्यवस्था के तहत किसानों से धान क्रय किया जा रहा है। फसल का सही दाम, डिजिटल सुविधाओं और समयबद्ध खरीदी प्रक्रिया के चलते किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिल रहा है।
कवर्धा के किसान श्री जितेंद्र सिंह ठाकुर ने इस वर्ष अपनी लगभग 2 एकड़ भूमि से उत्पादित 40 क्विंटल धान का सफलतापूर्वक विक्रय किया। उन्होंने बताया कि बिना किसी परेशानी के धान की खरीदी हुई और शासन की व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी रही। श्री ठाकुर ने कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की कीमत मिलने से काफी राहत है। इससे किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है।
उन्होंने धान खरीदी प्रक्रिया में लागू डिजिटल सुविधाओं की भी सराहना की। ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करना आसान हुआ है, वहीं खरीदी केंद्रों पर उपलब्ध माइक्रो एटीएम सुविधा से किसान मौके पर ही 10 हजार रुपये तक की राशि निकाल पा रहे हैं, जिससे उनकी तत्काल आवश्यकताओं की पूर्ति हो रही है।
श्री जितेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कृषक हितैषी नीतियां संचालित हो रही हैं जो किसानों के लिए लाभकारी है।


