छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय पेसा दिवस पर सुकमा जिले में ऐतिहासिक पहल

सुकमा, 26 दिसंबर 2025/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में सुकमा जिले के सभी ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय पेसा दिवस (24 दिसंबर 2025) के अवसर पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर शासन की नवीन एवं महत्वाकांक्षी योजना ‘विकसित भारतदृरोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’  – VB G RAM G का प्रभावी प्रचारदृप्रसार किया गया।
प्रशासन की इस पहल ने ग्रामीणों में नई आशा और आत्मविश्वास का संचार किया। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने रंगोली, पोस्टर, पंपलेट एवं रचनात्मक माध्यमों से योजना का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया, जिससे पूरे जिले में जन-जागरूकता का उत्सवपूर्ण वातावरण निर्मित हुआ। विशेष ग्राम सभा में सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायकों द्वारा योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक ग्रामीण परिवार के वयस्क सदस्यों को प्रति वर्ष 125 दिवस का वैधानिक रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा। इससे ग्रामीण परिवारों को स्थायी आजीविका का मजबूत आधार मिलेगा। योजना के अंतर्गत आजीविका संवर्धन कार्यों एवं जल संरक्षण से संबंधित विकास कार्यों का चयन ग्राम सभा के माध्यम से किया जाएगा। वहीं 50 प्रतिशत कार्यों का निष्पादन ग्राम पंचायतों द्वारा किया जाएगा, जिससे ग्राम स्तर पर आत्मनिर्भरता और प्रशासनिक पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा। प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि पंजीकृत श्रमिकों को समय पर मजदूरी भुगतान की गारंटी दी जाएगी तथा भुगतान में देरी होने पर मुआवजे का प्रावधान भी सुनिश्चित किया गया है। यह व्यवस्था शासन की जवाबदेही एवं श्रमिक हितैषी नीति का सशक्त प्रमाण है।
इस अवसर पर ग्राम सभाओं में सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने योजना का स्वागत करते हुए इसे विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *