छत्तीसगढ़

जिले में 500 से अधिक प्रधानमंत्री आवासों में हितग्राहियों ने किया गृह प्रवेश

सुकमा, 22 दिसंबर 2025/sns/-जांजगीर में माननीय केंद्रीय मंत्री  श्री जगत प्रकाश नड्डा की उपस्थिति में आयोजित 51,000 नव निर्मित प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) के गृह प्रवेश कार्यक्रम के अवसर पर, राज्य के निर्देशन एवं कलेक्टर श्री अमित कुमार व सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में सुकमा जिले में भी ग्राम स्तर पर नव निर्मित आवासों का भव्य गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिले में 500 से अधिक प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) में गृह प्रवेश कराया गया।  कार्यक्रम का आयोजन जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में उत्साह, उल्लास एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, पंचायत अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों और हितग्राहियों की उपस्थिति में विधिवत पूजन-अर्चन कर लाभार्थी परिवारों को उनके नए पक्के आवासों में प्रवेश कराया गया।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले में प्रत्येक पात्र हितग्राहियों को सुरक्षित एवं गरिमामय आवास उपलब्ध कराना है।
जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने बताया कि जिले में योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण सुनिश्चित हो सके और लाभार्थियों को शीघ्र लाभ मिले।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु संबंधित विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं मैदानी अमले द्वारा आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की गईं, जिससे ग्राम स्तर पर गृह प्रवेश कार्यक्रम सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *