धान खरीदी में तहसीलदारों को कोचियों व बिचौलियों पर कड़ी निगरानी के दिए निर्देश
रायपुर, 22 दिसंबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर तहसीलवार राजस्व से संबंधित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने समय सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करें और बिना किसी देरी के समय सीमा के भीतर काम पूरा करें। कलेक्टर ने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामलों की नियमित समीक्षा की जाए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री विनय पियाम, श्री नरेंद्र पैकरा, एसडीएम पंडरिया श्री संदीप ठाकुर, कवर्धा श्री चेतन साहू डिप्टी कलेक्टर श्री आर बी देवांगन, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि अविवादित नामांतरण, अविवादित खाता विभाजन, त्रुटि सुधार के प्रकरणों में अनावश्यक देरी न की जाए और तय समय सीमा के भीतर मामलों को सुलझाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया कि विवादित प्रकरणों के लिए पूर्व में निर्धारित समय सीमा का सख्ती से पालन हो और इनके समाधान में गंभीरता बरती जाए। कलेक्टर ने बैठक के दौरान अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और नागरिकों को त्वरित सेवा प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने तहसीलवार अविवादित और विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, त्रुटि सुधार, डायवर्सन, नक्शा बटांकन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में ऐसे तहसील जिनकी प्रगति प्रतिशत कम है, उन्हें इस मामले में ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। विवादित प्रकरण के मामले भी समय सीमा से ज्यादा लंबित न हो। उन्होंने कहा कि धान की फसल कट चुके हैं अब सीमांकन के कार्य में तेजी आनी चाहिए। उन्होंने सीमांकन के प्रकरणों को भी तेजी से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने छूटे हुए बच्चों के अपार आईडी निर्माण के लिए तहसील स्तर पर सभी आवश्यक दस्तावेज निर्माण और कलेक्शन के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कहा कि धान खरीदी के दौरान कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान खपाने की आशंका बनी रहती है, इसलिए इस पर कड़ी निगरानी रखना अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कोचियों एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर सतत नजर रखें और सूचना मिलने पर त्वरित छापामार कार्रवाई करें। उन्होंने विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों पर अधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई, जहां अन्य जिलों अथवा राज्यों से अवैध धान परिवहन की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीदी व्यवस्था को किसान-हितैषी, पारदर्शी और सुचारू बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

