बलौदाबाजार, 18 दिसम्बर 2025/sns/-त्रि-स्तरीय पंचायत राज व्यवस्था को सशक्त बनाने एवं ग्राम पंचायतों के प्रभावी संचालन हेतु नव निर्वाचित सरपंचों के लिए आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत संसाधन केंद्र बलौदाबाजार में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों से निर्वाचित सरपंचों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान सरपंचों को पंचायत राज अधिनियम, ग्राम सभा की भूमिका, वित्तीय प्रबंधन, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही, जल संरक्षण, स्वच्छता, तथा विकास कार्यों की योजना निर्माण एवं निगरानी से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्रों में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे सरपंच अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर सकें। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी सरपंचों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर जल स्रोत संरक्षण, जल गुणवत्ता परीक्षण, नल-जल योजना का संचालन, उपयोगकर्ता शुल्क, तथा जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। जल जीवन मिशन के तहत जिले में अभी तक 188781 ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं और शेष कार्य प्रगति पर है। जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है।

