मुंगेली, 11 दिसंबर 2025/sns/-लोरमी विकासखंड के ग्राम देवरहट में संचालित शराब दुकान को लेकर उठे सवालों तथा छात्रा के साथ हुई छेड़खानी की घटना पर जिला प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर प्रशासनिक एवं आबकारी अमले को तत्काल मौके पर भेजा गया और पुलिस द्वारा संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस विषय में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। छेड़खानी की घटना में संलिप्त व्यक्तियों को रिमांड पर लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
मीडिया में प्रकाशित खबरों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए प्रशासन ने बताया कि देवरहट एवं आसपास के गांवों में पिछले लंबे समय से अवैध रूप से शराब की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे क्षेत्र में अपराध की घटनाओं एवं कानून व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। इसी पृष्ठभूमि में आबकारी विभाग के नियमों के तहत ग्राम सभा से विधिवत प्रस्ताव पारित कराकर शासन स्तर से स्वीकृति प्राप्त की गई और उसके पश्चात सरकारी शराब दुकान का संचालन प्रारंभ किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी श्री रविशंकर साय ने बताया कि स्थानीय ग्रामीण स्वयं अवैध शराब के बढ़ते कारोबार से परेशान थे और ग्रामीणों ने बैठक कर सरकारी शराब दुकान खोलने के पक्ष में अपनी सहमति व्यक्त की। हाल ही में आयोजित बैठक में भी ग्रामीणों ने विधिवत सहमति दर्ज कराई है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि छात्रा के साथ हुई घटना अत्यंत निंदनीय है, किन्तु इस आपराधिक घटना को शराब दुकान से जोड़ना उचित नहीं है, क्योंकि यह दुकान नियमानुसार, पारदर्शी प्रक्रिया के तहत खोली गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रशासन द्वारा पूर्व में भी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाकर कई लोगों को गैर-जमानती धाराओं में गिरफ्तार किया जा चुका है। पिछले अक्टूबर माह में ग्राम सभा की सहमति और आबकारी मानकों के अनुरूप देवरहट में सरकारी शराब दुकान की स्थापना की गई थी।

