मुंगेली, 09 दिसम्बर 2025/sns/- विकासखण्ड मुंगेली के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला फास्टरपुर में पारंपरिक ‘न्योता भोज’ कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ पंक्तिबद्ध बैठकर भोजन किया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अतिथियों का स्वागत किया।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आप सभी छत्तीसगढ़ का भविष्य हैं। यदि सफलता के लिए सच्चा जुनून हो, तो सीमित संसाधन भी बाधा नहीं बनते।” उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी लगन और मेहनत से अध्ययन करने, सुरक्षित वाहन चलाने, हेलमेट का उपयोग करने तथा माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने का संदेश दिया। जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इसी विद्यालय का एक पूर्व छात्र आज जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत है, जो यह दर्शाता है कि ग्रामीण परिवेश से भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती पूर्णिमा मिश्रा ने बताया कि ‘न्योता भोज’ का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाईचारा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना विकसित करना है। उन्होंने बताया कि विद्यालय पिछले 55 वर्षों से संचालित है, जहां वर्तमान में 775 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और सभी को नियमित रूप से मध्यान्ह भोजन की सुविधा प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि शिक्षा सत्र 2025-26 में विद्यालय की मरम्मत, रंगाई-पुताई, किचन शेड़ निर्माण, स्टाफ रूम तथा पेयजल व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण कार्य संपन्न किए गए हैं। ‘मिशन 90 प्लस’ के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं एवं शैक्षणिक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक श्री रामभजन देवांगन का सम्मान किया गया। साथ ही शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर जर्जर भवनों के व्यवस्थापन, बाउंड्री वॉल निर्माण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल पी. डाहिरे, बीईओं श्री जीतेन्द्र बावरे सहित शिक्षक-शिक्षिका एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण मौजूद रहे।

