छत्तीसगढ़

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री  यादव ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. पं. सीताराम शर्मा की प्रतिमा का किया अनावरण




दुर्ग, 08 दिसंबर 2025/sns/- 
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने आज दुर्ग जिले के भटगांव, जेवरा–सिरसा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. पंडित सीताराम शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्व. शर्मा के संपर्क में रहे वरिष्ठजनों तथा प्रतिमा निर्माता मूर्तिकार श्री अंकुश देवांगन एवं श्री डी.एस. विद्यार्थी को शॉल और श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया।
अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री यादव ने कहा कि पंडित सीताराम शर्मा न केवल स्वतंत्रता संग्राम के समर्पित सेनानी थे, बल्कि समाजसेवी, आध्यात्मिक पुरुष, कथावाचक, ज्योतिषाचार्य और सेवाभावी व्यक्तित्व के रूप में भी सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रायपुर के भनपुरी स्कूल में अध्ययन काल के दौरान स्व. शर्मा स्वतंत्रता रैलियों में तिरंगा लेकर अग्रिम पंक्ति में खड़े होते थे।
मंत्री श्री यादव ने  स्व. शर्मा के साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा कि वे गीता पाठ, ज्योतिष ज्ञान और कर्मकाण्ड में निपुण थे और गांव में संस्कार शिक्षा का प्रसार करना चाहते थे। उन्होंने बताया कि संस्कृत विद्या मण्डलम् की बैठक में एक वर्ष के भीतर 100 कर्मकाण्डी पंडित तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि शुद्ध उच्चारण और संपूर्ण 16 संस्कारों की परंपरा को संरक्षित किया जा सके।
इस अवसर पर मंत्री श्री यादव ने हाई स्कूल जेवरा–सिरसा का नामकरण स्व. पंडित सीताराम शर्मा के नाम पर करने की घोषणा भी की। उन्होंने जनपद पंचायत सीईओ को ग्राम पंचायत से अनुमोदन लेकर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
समारोह में श्री महेश शर्मा, श्री सुरेन्द्र कौशिक, श्री कमलेश सहित स्वतंत्रता सेनानी के परिवार के सदस्य तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं  बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *