रायगढ़, 5 दिसम्बर 2025/sns/- जिले में महिला उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय महिला उत्पीड़न निवारण एवं अनैतिक व्यापार रोकथाम समिति का पुनर्गठन किया है। यह पुनर्गठन छत्तीसगढ़ शासन महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में किया गया है। नई समिति में जिले के प्रमुख प्रशासनिक विभागों, कानून विशेषज्ञों, सामाजिक क्षेत्र के कार्यकर्ताओं तथा स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है ताकि महिला-संबंधी संवेदनशील मुद्दों पर समन्वित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
गठित समिति में जिला पुलिस अधीक्षक, रायगढ़ को अध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह समिति में जिला पंचायत रायगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक आयुक्त जिला संयोजक, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग तथा उप संचालक, पंचायत एवं समाज सेवा रायगढ़ को सदस्य बनाया गया है। समिति में जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सदस्य सचिव होंगे। समिति में विशेषज्ञों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है, जिससे निर्णय प्रक्रिया अधिक संवेदनशील और व्यावहारिक बन सके। इनमें डॉ. पूजा अग्रवाल महिला चिकित्सक, श्रीमती रितू सिंह-वकील, श्रीमती शोभा शर्मा, महिला शक्ति स्व-सहायता समूह, रियापारा, श्रीमती श्यामा उरांव-ओपी जिंदल समाज कल्याण समिति, श्रीमती रोहिणी चंद्रा, नवापारा छाल-धरमजयगढ़ एवं श्रीमती सुखदाई चौहान, ग्राम कुसमुरा पो.कोतरा को सदस्य बनाया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि समिति द्वारा महिला उत्पीड़न एवं अनैतिक व्यापार से जुड़े मामलों की सतत् समीक्षा की जाएगी। इसके लिए समिति की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाएगी, वहीं आवश्यकता पड़ने पर आपात बैठकें भी बुलाई जाएंगी। बैठक में मामलों की गंभीरता, कार्यवाही की प्रगति, पीड़ितों को दी गई सहायता और विभागीय समन्वय की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

