छत्तीसगढ़

पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना से श्री मोसेस राव बने उर्जादाता

सुकमा, 01 दिसंबर 2025/sns/-केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना आम जनता के लिए बड़े बदलाव का माध्यम बन रही है। इस योजना से न केवल घरेलू बिजली की जरूरतें पूरी हो रही हैं, बल्कि उपभोक्ता अतिरिक्त बिजली बेचकर उर्जादाता भी बन रहे हैं। सुकमा जिले में इसके सकारात्मक परिणाम तेजी से सामने आ रहे हैं।
नगर पंचायत कोंटा निवासी श्री मोसेस राव ने अपने घर की छत पर पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 3 केवी का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया है। यह इंस्टॉलेशन छत्तीसगढ़ इनोवेशन के द्वारा किया गया है। उन्होंने बताया कि योजना से जुड़ने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार से उन्हें 1,08,000रू की सौर सब्सिडी प्राप्त हुई है, जिससे सोलर रूफ टॉप की लागत में काफी राहत मिली। उन्होंने बताया कि सोलर सिस्टम से उत्पन्न बिजली से घर की आवश्यकता पूर्ण हो जाती है, और बची हुई बिजली सीधे विद्युत विभाग को बेचकर आर्थिक लाभ भी मिल रहा है। विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष में अतिरिक्त बिजली का भुगतान किया जाएगा।
श्री राव ने कहा कि योजना से ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा मिल रहा है और पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ा योगदान हो रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाकर बिजली बिल की परेशानी से मुक्ति पाएं और स्वच्छ ऊर्जा अपनाएं। श्री मोसेस राव ने केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा को प्रोत्साहन देने के लिए दी जा रही सब्सिडी हमारे जैसे आम परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *