छत्तीसगढ़

किसानों के लिए भरोसेमंद व्यवस्था जिले में धान खरीदी पूरी तरह पारदर्शी और सुगम

मुंगेली, 29 नवंबर 2025/sns/-शासन के निर्देश एवं कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार के प्रभावी नेतृत्व में जिले में धान खरीदी कार्य सुव्यवस्थित, पारदर्शी और किसान-हितैषी तरीके से निरंतर जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले की 66 प्राथमिक समितियों के 105 उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सुचारू रूप से प्रगति पर है। उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा हेतु व्यवस्थित टोकन प्रणाली, स्पष्ट जांच व्यवस्था, इलेक्ट्रॉनिक तौल, छाया, पेयजल एवं बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जिससे खरीदी प्रक्रिया सहज और तनावमुक्त बनी हुई है।
इसी क्रम में सुरदा निवासी किसान श्री रामअवतार पटेल ने केंद्र में 43.60 क्विंटल धान का विक्रय किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, सुगम और पारदर्शी है। सुव्यवस्थित टोकन सिस्टम के कारण किसानों को लंबे समय तक कतार में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं होती, जिससे समय की बचत होती है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों के उपयोग से तौल सटीक, निष्पक्ष और पूर्ण पारदर्शिता के साथ किसानों के सामने की जाती है। केंद्र में उपलब्ध छाया, पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था के कारण धान विक्रय की प्रक्रिया किसानों के लिए सुविधाजनक और सरल बन गई है। श्री पटेल ने खरीदी केंद्रों की सुदृढ़ व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे किसानों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा शासन-प्रशासन के प्रति इस किसान-हितैषी व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *