सुकमा, 25 नवंबर 2025/sns/- स्वामी विवेकानंद शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत, सुकमा जिले के 25 और बीजापुर जिले के 25 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं समेत कुल 50 विद्यार्थियों का एक दल, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (छक्।), पुणे के ऐतिहासिक भ्रमण पर रवाना हो गया है। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर के द्वारा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
एनडीए की भव्य परेड में बनेंगे साक्षी
यह दौरा छात्रों को 26 नवंबर को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में आयोजित होने वाली “पासिंग आउट परेड“ का प्रत्यक्षदर्शी बनने का पहला और ऐतिहासिक मौका देगा। पासिंग आउट परेड 3 साल के कठोर सैन्य प्रशिक्षण के बाद कैडेटों के भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में शामिल होने का प्रतीक एक अत्यंत भव्य और प्रेरणादायी समारोह होता है।
अभूतपूर्व अवसर
यह पहली बार है जब सुकमा और बीजापुर जैसे आदिवासी बाहुल्य और दूरस्थ क्षेत्र के बच्चों को देश के सर्वाेच्च सैन्य प्रशिक्षण संस्थान के इतने महत्वपूर्ण समारोह का हिस्सा बनने का अवसर मिला है। यह पहल न केवल शिक्षा को प्रोत्साहित करती है, बल्कि युवाओं में राष्ट्र सेवा और सैन्य करियर के प्रति जुनून पैदा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इस ऐतिहासिक भ्रमण के माध्यम से सुकमा और बीजापुर के छात्र-छात्राएं सीधे तौर पर भारत के सैन्य गौरव और अनुशासन को महसूस करेंगे, जो निश्चित रूप से उनके भविष्य की राह को प्रेरित करेगा। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री जीआर मंडावी, एपीसी श्री आशीष राम तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।


