बीजापुर, 20 नवंबर 2025/sns/- नियद नेल्लानार योजनाओं के अंतर्गत कांदला पर्ती.01 एवं 02 कैंप खुलने के बाद शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज कलेक्टर श्री संबित मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक डॉ जितेंद्र यादव ने ग्राम कांदला पर्ती का दौरा किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ और आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने स्वयं प्रत्येक ग्रामीण से व्यक्तिगत रूप से पूछताछ करते हुए उनकी वास्तविक स्थिति और मांगों को समझा।
ग्रामीणों ने विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनमें प्रमुख रूप से कांदला पर्ती से उल्लूर मार्ग को बारहमासी सड़क के रूप में निर्माण कराने, हर घर नल-जल योजना का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन, ग्रामीणों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना, वन अधिकार पट्टों की तैयारी, धान बेचने हेतु लेम्प्स केंद्र की दूरी से जुड़ी समस्या का समाधान, पीडीएस से ग्राम की दूरी को देखते हुए ट्रैक्टर से राशन वितरण की व्यवस्था, पशुपालन एवं मछली पालन को बढ़ावा देना, तेंदूपत्ता एवं इमली जैसी वनोपज के विक्रय को प्रोत्साहित करना, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सर्वे कराने तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण कराने जैसी मांगें शामिल थीं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को ग्रामीणों की सभी समस्याओं एवं मांगों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ एसडीएम श्री यशवंत नाग, एसडीओपी श्री जी. कामड़े, सीईओ जनपद पंचायत श्री आदित्य कुंजाम, तहसीलदार श्री लक्ष्मण राठिया एवं थाना प्रभारी श्री जांगड़े भी उपस्थित रहे।

