छत्तीसगढ़

शासकीय खरीदी हेतु जेम पोर्टल के उपयोग पर दिया गया प्रशिक्षण


जगदलपुर, 19 नवंबर 2025/
sns/- शासकीय विभागों में खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से, सरकारी ई-मार्केटप्लेस जेम पोर्टल के उपयोग पर एक दिवसीय महत्वपूर्ण प्रशिक्षण बुधवार को कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में आयोजित किया गया। जिसमें विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को जेम पोर्टल के माध्यम से होने वाली सरकारी खरीदी की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराना था। इस दौरान जेम रिसोर्स पर्सन श्री राकेश तिवारी द्वारा जेम पोर्टल पर पंजीकरण, उत्पादों और सेवाओं का चयन, बिडिंग प्रक्रिया और ऑर्डर प्लेसमेंट के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। जेम पोर्टल केंद्र सरकार की एक पहल है, जो सरकारी विभागों को सामान्य उपयोग की वस्तुओं और सेवाओं की खरीद के लिए एक ऑनलाइन मंच प्रदान करता है, जिससे समय की बचत होती है और खरीदी में अधिक पारदर्शिता आती है।
अधिकारियों को मिली उपयोगी जानकारी
प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों ने पोर्टल के विभिन्न फीचर्स और सुरक्षा पहलुओं पर प्रकाश डाला। अधिकारियों को बताया गया कि कैसे जेम के उपयोग से वे बेहतर दरों पर उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद और सेवाएं खरीद सकते हैं। इस पहल से सरकारी खर्च में कुशलता लाना और ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देना है। प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि यह उन्हें नियमों का पालन करते हुए और अधिक प्रभावी तरीके से खरीदी करने में सहायता करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *