छत्तीसगढ़

जल संचयन के क्षेत्र मे जिले की बड़ी उपलब्धि जल संचय जनभागीदारी पुरस्कार से सम्मानित

बलौदाबाजार, 19 नवम्बर 2025/sns/- बलौदाबाजार -भाटापारा जिले ने जल संचयन के क्षेत्र मे बड़ी उपालब्धि हासिल की है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन के प्लेनरी हॉल में मंगलवार को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति मे केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सीआर पाटिल ने जल संचय मे उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले को जल संचय जनभागीदारी पुरस्कार 1.0 से सम्मानित किया। पूर्वी क्षेत्र अंतर्गत कैटेगरी 2 के तहत जिला बलौदाबाजार – भाटापारा को यह पुरस्कार प्राप्त हुआ है। केंद्रीय केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सीआर पाटिल के हाथों कलेक्टर दीपक सोनी ने पुरस्कार राशि एक करोड़ का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना, श्री राजभूषण चौधरी भी उपस्थित थे।

जल संचय जनभागीदारी पुरस्कार 1.0 हेतु जिले का चयन जल संचय हेतु 30927 संरचनाओं का निर्माण पूर्ण करने के आधार पर किया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन एवं कलेक्टर दीपक सोनी के नेतृत्व मे जिले मे जल संचय महाभियान चलाया गया जिसमें सोखता गड्डा का निर्माण, जलाशय की सफाई सहित अन्य संरचना निर्माण शामिल है।

जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार जल संचय जनभागीदारी अंतर्गत 31 मई 2025 तक कुल 35793 संरचनाओ का निर्माण किया गया है। निर्मित संरचनाओ मे नवीन तालाब निर्माण, सामुदायिक डबरी, निजी डबरी, परकोलेशन टैंक, कुंआ, रिचार्ज पीट, गली प्लग, चेकडेम, सोकपीट निर्माण, अमृत सरोवर निर्माण, एनीकट, स्टापडेम एवं व्यपवर्तन संरचनाओं तथा नहर का जीर्णोद्धार, स्टेग्रेडेड कंटूर ट्रेंच, गेबियन स्ट्रक्चर शामिल है। इन संरचनाओं का निर्माण मनरेगा, कैम्पा, सीएसआर फंड स्टेट बजट फंड, अन्य केन्द्रीय निधि अंतर्गत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *