छत्तीसगढ़

भेज्जी में जल्द प्रारंभ होगा बैंक सुविधा

ध्रुवसुकमा, 19 नवंबर 2025/sns/-मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जिले में सड़क सुरक्षा, बैंकिंग सुविधा विस्तार, धान खरीदी व्यवस्था, पुनर्वास केंद्र की स्थिति, विभागवार लंबित प्रकरणों तथा विभिन्न योजना प्रगति की कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने व्यापक समीक्षा की। कलेक्टर श्री ध्रुव ने अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्य सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
भेज्जी में जल्द प्रारंभ होगा बैंक, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी सुविधा
जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के लिए कलेक्टर श्री ध्रुव ने भेज्जी में शीघ्र बैंक प्रारंभ करने की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक खुलने से स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों को अत्यधिक सुविधा मिलेगी तथा वित्तीय सेवाओं तक पहुंच और अधिक सुगम होगी।
सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर के सख्त निर्देश
कलेक्टर श्री ध्रुव ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जिले में बिना हेलमेट वाहन चलाने, स्कूल के छात्रों द्वारा मोटर बाइक चलाने और बिना लाइसेंस के वाहन चलाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि 01 दिसम्बर से अनुशासनात्मक कार्रवाई अनिवार्य रूप से प्रारंभ की जाए और इस संबंध में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में जनदर्शन के दौरान प्राप्त विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ध्रुव ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के जिले प्रवास के दौरान की गई घोषणाओं को भी निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने कहा कि पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण करें, साथ ही केंद्र में साफ-सफाई, स्वास्थ्य जांच तथा बुनियादी सुविधाओं का उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।उन्होंने पुनर्वासित लोगों के जीविकोपार्जन को मजबूत करने हेतु कृषि विज्ञान केंद्र में प्रशिक्षण देने को भी कहा, ताकि उन्हें रोजगारोन्मुखी कौशल प्राप्त हो सके। बैठक में एनसीएईआर सर्वे के अंतर्गत सभी पात्र परिवारों का पूर्ण सैचुरेशन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
प्रत्येक शनिवार को उपार्जन केंद्रों का अनिवार्य रूप से करें निरीक्षण
धान खरीदी की तैयारी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ध्रुव ने समिति प्रबंधकों और ऑपरेटरों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान, धान उठाव नियमित रूप से करने तथा उपार्जन केंद्रों में सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी प्रत्येक शनिवार को उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें। पीडीएस भवनों में रखे बारदानों को धान खरीदी समितियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
ई-केवाईसी लंबित सप्ताह के अंत तक करें पूर्ण
पीएम उज्ज्वला योजना के तहत ई-केवाईसी लंबित प्रकरणों को शिविर लगाकर सप्ताह के अंत तक पूर्ण करने को कहा, ताकि लाभार्थियों को योजना का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में जाति, निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य विभागीय कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर, एसडीएम, तहसीलदार सहित जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *