छत्तीसगढ़

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य क्रम 124 ग्राम पंचायतों के सचिव एवं रोजगार सहायकों को दिया गया प्रशिक्षण

मुंगेली, 15 नवंबर 2025/sns/- निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन के मार्गदर्शन में जिले में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में आज जनपद पंचायत मुंगेली के सभाकक्ष में 124 ग्राम पंचायतों के सचिव एवं रोजगार सहायकों को गणना प्रपत्र भरने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में कलेक्टर ने पुनरीक्षण कार्य को बेहतर तरीके से तथा समयसीमा में पूरा करने प्रेरित किया। उन्होंने पुनरीक्षण के सम्बन्ध में गणना पत्रक वितरण की प्रगति के संबंध में जानकारी ली और लोगों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक कर सभी का गणना पत्रक भरने प्रेरित किया।
कलेक्टर ने बताया कि एस.आई.आर. का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना है, ताकि निर्वाचक नामावली में किसी योग्य व्यक्ति का नाम न छूटे तथा किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम न जुडे़। मतदाता सूची का यह विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का आधार है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी को इसे अत्यंत गंभीरता और जिम्मेदारी से संपादित करना होगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि या विलंब अस्वीकार्य है, उसे समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मतदाता पुनरीक्षण बहुत महत्वपूर्ण कार्य है। यह कार्य 02 दशकों के बाद किया जा रहा है। इस कार्य को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूरा करना है। उन्होंने सचिवों और रोजगार सहायकों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में बेहतर कार्य करने प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने एसआइआर के तहत गणना पत्रक भरवाने मानस भवन में लगाए गए कैम्प का निरीक्षण किया और ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करने एवं गणना पत्रक भरवाने प्रोत्साहित किया। इस दौरान मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मुंगेली श्री होरी सिंह ठाकुर सहित मौजूद रहे।
गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले में 04 नवंबर से मतदाताओं की मतदाता सूची हेतु गणना पत्रक भरवाना शुरू हो चुका है। यह प्रक्रिया 04 दिसंबर 2025 तक चलेगी। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त 05 से 08 दिसंबर तक कंट्रोल टेबल एवं ड्राफ्ट रोल की तैयारियों को अद्यतन किया जाएगा। इसके पश्चात 09 दिसंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। प्रारंभिक प्रकाशन के बाद 09 दिसंबर से 08 जनवरी 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। दावा-आपत्तियों का निपटान 31 जनवरी तक पूर्ण कर लिया जाएगा, जबकि मतदाता सूची की शुद्धता के परीक्षण उपरांत 07 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

सेक्टर अफसरों को दिया गया प्रशिक्षण मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मनियारी सभाकक्ष में सेक्टर अफसरों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को एसआईआर प्रक्रिया की बेहतर मानिटरिंग तथा शतप्रतिशत गणना पत्रक भरवाने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही बीएलओ एप के माध्यम से गणना प्रपत्र को अपलोड करने, ई-मैपिंग, प्रारूप नामावली का प्रकाशन, दावा-आपत्ति सूची प्रकाशन आदि के संबंध में आवश्यक बातें बताई गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि मतदाता स्वयं https:voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECINet ऐप से ऑनलाइन फॉर्म डाउनलोड व जमा कर सकता है। अगर मतदाता का नाम या उनके माता-पिता, रिश्तेदार का नाम 2003 एसआईआर वोटर लिस्ट में है, तो दस्तावेज़ नहीं मांगे जाएंगे। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सारिका मित्तल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *