छत्तीसगढ़

ग्राम नवाडीह (लपटी) में जिला स्तरीय पशु-पक्षी प्रदर्शनी मेला का हुआ आयोजन

मुंगेली, 14 नवम्बर 2025/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में पशु चिकित्सा विभाग द्वारा लोरमी विकासखण्ड के ग्राम नवाडीह (लपटी) में जिला स्तरीय पशु-पक्षी प्रदर्शनी मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने पशु मेला में लगाई गई विभिन्न पशुओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने पशु चिकित्सालय लोरमी में नए भवन निर्माण हेतु 40 लाख रूपए की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पशु-पक्षी जीवन का आधार है। उन्होंने पशुपालन के महत्व को बताते हुए कृषि के साथ पशुपालन कर आय बढ़ाने प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्नत नस्ल के पशुओं के संवर्धन के लिए प्रेरित किया। जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने पशु मेले का अवलोकन कर पशुपालकों को प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह ठाकुर ने किसानों को पशुपालन के साथ-साथ जैविक खेती अपनाने प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी के साथ पशुपालन से जैवित खाद की उपयोगिता बढ़ेगी और रासायनिक खादों पर निर्भरता कम होगी, जिससे बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सुनिश्चित होगा। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाए डॉ. आर.एम. त्रिपाठी ने प्रशासनिक प्रतिवेदन पढ़ा एवं पशु-पक्षी के आयोजन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेले में पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। आयोजित मेले में विभिन्न नस्ल के पशुओं की प्रदर्शनी लगाई गई और उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्राइवेट कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता श्री पुष्पकांत शर्मा को नस्ल सुधार कार्य के लिए सम्मानित किया गया। आभार प्रदर्शन डॉ. शिव पटेल ने किया। इस दौरान नोडल अधिकारी डा.प्रमोद नामदेव ने प्रदर्शनी में कार्य करने वाले विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *