बलौदाबाजार, 14 नवम्बर 2025/sns/- मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर ) कार्यक्रम अंतर्गत बीएलओ द्वारा मतदाताओं के घर -घर गणना पत्रक पहुंचाए जा रहे हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी के मार्गदर्शन में जिले में 4 नवम्बर से बीएलओ के द्वारा गणना पत्रक वितरण का कार्य शुरू किया गया है। बीएलओ द्वारा 13 दिन में जिले के 90 प्रतिशत मतदाताओं को गणना पत्रक का वितरण किया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र में कुल 949277 मतदाता हैं जिसमें से अब तक 862703मतदाताओं को गणना पत्रक वितरित किया जा चुका हैं जो कुल मतदाताओं का 90 प्रतिशत हैं।इसमें कसडोल विधानसभा अंतर्गत 362999 मतदाता,बलौदाबाजार विधानसभा के 260794 और भाटापारा विधानसभा के 238910 मतदाता शामिल हैं। एसआईआर कार्यक्रम के अनुसार 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक घर- घर गणना चरण अवधि (घर-घर जाकर सत्यापन) कार्य,9 दिसम्बर 2025 को मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन,9 दिसम्बर से 8 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्ति की अवधि,9 दिसम्बर से 31जनवरी 2026 तक नोटिस चरण एवं 7 फ़रवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होग़ा।


