बलौदाबाजार, 12 नवम्बर 2025/sns/- जिला संपर्क केंद्र की सराहनीय पहल से ग्राम तरेंगा, तहसील भाटापारा निवासी श्री मनोज आडिल (पिता स्व. आजूराम आडिल) को कृत्रिम अंग प्रदान किया गया। श्री आडिल लंबे समय से कृत्रिम अंग के अभाव में दैनिक कार्यों में कठिनाई का सामना कर रहे थे। उन्होंने अपनी समस्या संयुक्त जिला कार्यालय स्थित संपर्क केंद्र के मोबाइल नंबर ओर दर्ज कराई।
उनकी समस्या संपर्क केंद्र में प्राप्त होते ही, संपर्क केंद्र द्वारा तत्परता से समाज कल्याण विभाग से समन्वय स्थापित किया गया। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्री आडिल को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराया। कृत्रिम अंग प्राप्त होने के बाद श्री मनोज आडिल ने खुशी और संतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री दीपक सोनी, जिला प्रशासन एवं संपर्क केंद्र के प्रति हृदय से आभार जताया। संपर्क केंद्र की यह मानवीय एवं संवेदनशील पहल न केवल जरूरतमंदों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं को समय पर पहुँचाने का उदाहरण है, बल्कि प्रशासन की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी सशक्त रूप से प्रदर्शित करती है। जिले के नागरिक अपनी समस्या के शिकायत और समाधान हेतु संयुक्त जिला कार्यालय के संपर्क केंद्र के मोबाइल नंबर 92018-99925 पर संपर्क कर सकते है।


