छत्तीसगढ़

वंदे मातरम मुंगेली में राष्ट्रगीत के 150 वर्ष का स्मरणोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन

मुंगेली, 07 नवंबर 2025/sns/- वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में स्मरण उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, जिलाध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में वंदे मातरम का गायन किया गया। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री की उपस्थिति में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का आयोजन हुआ एवं प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण हुआ। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय कार्यक्रम के मंच से अपने संबोधन में कहा कि वंदे मातरम एक शब्द, एक मंत्र एवं एक ऊर्जा है एवं यह मां भारती की साधना है। वंदे मातरम शब्द हमें अपने गौरवशाली इतिहास में ले जाता है। यह शब्द हमें संकल्प से सिद्धि का हौसला देता है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पांडेय ने राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रगीत ने हम सब को एक सूत्र में पिरोया है।
कलेक्टर ने राष्ट्रगीत के 150 वर्ष के स्मरणोत्सव पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वंदे मातरम राष्ट्रीय गीत स्वतंत्रता आंदोलन से आज तक भारतीय नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत रही है। शासन के निर्देशानुसार 07 से 14 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने वंदे मातरम के मूल भाव को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत सीईओ ने जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि वंदे मातरम के 150वीं वर्षगांठ पर जिले के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में सामुदायिक भागीदारी से वाद-विवाद, सामूहिक गायन, सामूहिक नृत्य आदि गतिविधियां आयोजित की जाएगी और राष्ट्रगीत के माध्यम से देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति सम्मान प्रकट किया जाएगा। कार्यक्रम में मंच संचालन श्री रामपाल सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी मानिक सोनवानी, श्रीमती अम्बालिका साहू, श्रीमती अनिता कोमल साहू, श्रीमती रत्ना संजय काठले सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *