छत्तीसगढ़

नियद नेल्लानार योजना

सुकमा, 06 नवम्बर 2025/sns/-मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु चलाई जा रही महतारी वंदन योजना अब सुकमा जिले के नियद नेल्लानार क्षेत्रों की महिलाओं तक भी पहुँच चुकी है। यह योजना दूरस्थ व अतिसंवेदनशील इलाकों में निवासरत महिलाओं के लिए आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित हो रही है।
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में बड़े पैमाने पर महतारी वंदन योजना का सर्वेक्षण कार्य किया गया, जिसके तहत नियद नेल्लानार के 159 गांवों की पात्र महिलाओं की पहचान की गई। सर्वे के उपरांत पात्र पाई गईं 2604 महिलाओं को 1,000 रुपये की प्रथम किश्त की राशि ऑनलाइन उनके खातों में हस्तांतरित की गई। अब इन महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपये की नियमित आर्थिक सहायता प्राप्त होगी, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
कलेक्टर श्री ध्रुव ने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से शासन का उद्देश्य है कि हर पात्र महिला को आर्थिक सुरक्षा मिले और वे निर्णय लेने में आत्मविश्वास से आगे बढ़ें। नियद नेल्लानार क्षेत्रों में यह योजना महिलाओं के जीवन स्तर में ठोस सुधार लाने में मील का पत्थर साबित होगी।
उल्लेखनीय है कि सुकमा जिले में नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत कोंटा विकासखंड के 39 पंचायत तथा सुकमा विकासखंड के 2 पंचायतों के कुल 159 गांव शामिल हैं। जिला प्रशासन सुकमा की इस पहल से ग्रामीण अंचल की महिलाएं अब आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। योजना से जुड़ने के बाद कई महिलाओं ने इसे अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *