छत्तीसगढ़

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत इन्द्रावती सभाकक्ष में कलेक्टर ने दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने अधिकारियों कर्मचारियों को निष्ठा पूर्वक दायित्व निर्वहन का संकल्प दिलाया

बीजापुर, 29 अक्टूबर 2025/sns/- केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आज इन्द्रावती सभाकक्ष में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि देश की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक प्रगति के लिए भ्रष्टाचार मुक्त प्रणाली आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए सदैव ईमानदारी के उच्चतम मानकों का पालन करें तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। शपथ के दौरान सभी ने संकल्प लिया कि वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी और कानून के नियमों का पालन करेंगे, सभी कार्य निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से करेंगे तथा अपने आचरण से दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल, डिप्टी कलेक्टर श्री उत्तम पंचारी, श्री दिलीप उइके, तथा जिले के समस्त अनुभागों के एसडीएम, तहसीलदार एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *