छत्तीसगढ़

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने दीपावली पर गन्ना किसानों को दी ऐतिहासिक सौगात 

कवर्धा, 19 अक्टूबर 2025/sns/- उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री श्री विजय शर्मा ने दीपावली पर्व को गन्ना किसानों के लिए ऐतिहासिक बनाते हुए आज भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में 30 लाख रुपए की लागत से बने आधुनिक किसान रेस्ट हाऊस बलराम सदन का विधिवत पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। इस रेस्ट हाउस में सुविधा केंद्र में किसानों के ठहराव, विश्राम और आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। दीपावली पर धनतरेस में सौगातों की झड़ी लगाते हुए उप मुख्यमंत्री ने पेराई सत्र 2024–25 के गन्ना विक्रय करने वाले किसानों को 11.09 करोड़ रुपये का बोनस राशि का चेक प्रदान किया, जिससे किसानों को आर्थिक बल मिला। इसी क्रम में उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने शेयरधारक गन्ना उत्पादक किसानों को रियायती दर 30 रुपए में 50 किलो शक्कर वितरित कर त्यौहार की खुशियों को दोगुना कर दिया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने पंडरिया में किसान सदन, 5 लाख का सी सी रोड और 2 लाख 50 हजार रूपए की लागत से नली निर्माण की घोषणा की।उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सतत् रूप से कार्य कर रही है। किसानों की आर्थिक उन्नति एवं समृद्धि के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम प्रदेश के खेत खलिहानों में स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में लगातार बढ़ रहे गन्ना उत्पादन को देखते हुए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना की पेराई क्षमता बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है, जिससे किसानों को और बेहतर सुविधा तथा मूल्य प्राप्त हो सके। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में इस वर्ष भी रियायती दर पर शेयर धारक गन्ना किसानों को 50 किलो शक्कर वितरण का शुभारंभ किया गया है। रियायती दर पर शक्कर वितरण का यह कार्यक्रम लगातार दूसरे वर्ष संचालित किया जा रहा है, जिससे किसान को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि यह कारखाना किसानों का है, इसे भी किसानों ने ही मिल-जुलकर आगे बढ़ाना है। सरकार की मंशा स्पष्ट है कि कारखाना चलाने में किसानों की भागीदारी बढ़े और उन्हें प्रत्यक्ष लाभ मिले। वर्तमान में इस गन्ना सहकारी शक्कर कारखाना की पिराई क्षमता 4 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन की है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे अपने अधिक से अधिक गन्ने का विक्रय यहीं कारखाने में करें, ताकि पैदावार का उचित मूल्य सीधे उनके हाथों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए आधुनिक ‘किसान सदन’ का निर्माण किया गया है, जहां प्रतीक्षा कक्ष, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि इस सदन का अधिक से अधिक उपयोग करें और अपनी सुविधाओं का लाभ लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *