छत्तीसगढ़

साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश


बीजापुर, 08 अक्टूबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों के कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जल जीवन मिशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत नए कैंपों और प्रभावित गांवों में शीघ्र पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ब्लॉकों में आधार कार्ड, राशन कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र, पैन कार्ड जैसी नागरिक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया।
बैठक में आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल पीड़ितों से संबंधित मामलों की प्रगति पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बिजली विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने मोबाइल नेटवर्क की समस्या पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में टावर कार्यरत नहीं हैं या तकनीकी दिक्कतें हैं, उन्हें शीघ्र सुधार सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने पोटा केबिन आश्रमों और छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता एवं बच्चों की स्वास्थ्य जांच पर विशेष बल देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधीक्षकों को भोजन व्यवस्था का विवरण फोटो सहित प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिले में चल रहे रजत महोत्सव कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी भी साझा की गई। शिक्षा के क्षेत्र में कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि अधिकारी बच्चों के हित में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चैबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *