छत्तीसगढ़

सौर ऊर्जा से आत्म निर्भर बने लखनपुर के सदानंद गुप्ता तीन किलोवाट प्लांट से रोजाना 15 यूनिट तक बिजली उत्पादन

अम्बिकापुर, 30 सितम्बर 2025/sns/-  ऊर्जा संकट और महंगे बिजली बिल से निजात पाने का रास्ता अब सौर ऊर्जा से होकर गुजर रहा है। जिले के लखनपुर नगर पंचायत निवासी श्री सदानंद गुप्ता ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाकर यह साबित किया है कि शासन की योजना आम लोगों के जीवन को बदल रही है।

श्री गुप्ता ने बताया कि योजना अंतर्गत उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये, कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी का लाभ मिलेगा। इतना ही नहीं, इस प्लांट से रोजाना 10 से 15 यूनिट तक बिजली उत्पादन हो रहा है, जिससे घर की पूरी खपत आसानी से पूरी हो जाती है।

बिजली उपभोक्ता से ऊर्जा निर्माता बने सदानंद
उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत  विद्युत विभाग से अनुबंध हुआ है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि उपभोक्ता केवल बिजली खर्च करने वाले नहीं रह जाते, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर ऊर्जादाता बन रहे हैं। अतिरिक्त बिजली ऑन ग्रिड के माध्यम से विद्युत विभाग को रिटर्न हो जा रही है। जिसका भुगतान विद्युत विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष के अंत में किया जाएगा।

मुफ्त बिजली की ओर बढ़ते कदम
श्री गुप्ता ने बताया कि इस योजना से आम नागरिक बिजली बिल की समस्या से निजात पा सकते हैं और भविष्य में मुफ्त बिजली का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल उपभोक्ताओं को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रही है।

शासन की डबल सब्सिडी बनी आकर्षण का केंद्र
श्री गुप्ता ने कहा कि शासन की ओर से दी जा रही डबल सब्सिडी ने लोगों का विश्वास बढ़ाया है। पहले जहां सौर ऊर्जा को महंगा विकल्प माना जाता था, वहीं अब सब्सिडी की वजह से यह आम परिवारों की पहुंच में है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल सब्सिडी जैसी सुविधा से लोगों का उत्साह बढ़ा है और अब हर कोई पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर बिजली उपभोक्ता से ऊर्जादाता बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *