बलौदाबाजार, 25 सितंबर 2025/sns/- विश्व पर्यटन दिवस और छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के अवसर पर टूर दे बलौदाबाजार साइक्लोथॉन का आयोजन 28 सितम्बर 2025 को किया जा रहा है। जिले में पहली बार आयोजित होने वाले इस साइक्लोथॉन को भव्य रूप देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जोर-शोर से तैयारी शुरू कर दी गई हैं। कलेक्टर दीपक सोनी ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिये। टूर दे बलौदाबाजार साइक्लोथॉन के सफल आयोजन हेतु डीएफओ गणवीर धम्मशील को नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ खेल अधिकारी प्रीति बंछोर को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। टूर दे बलौदाबाज़ार साइक्लोथॉन में साईकलिस्ट कुल 50 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे जिसके लिए रूट तय कर लिया गया है। साइक्लोथॉन 28 सितम्बर को सोनबरसा वन विहार से प्रातः 6 बजे प्रारम्भ होग़ा। साईकलिस्ट सोनबरसा वन विहार से लटुवा, बलौदाबाजार, अर्जुनी, टोनाटार, करही बाजार होते हुए लगभग 20 गांव से गुजर कर पुनः सोनबरसा वन विहार पहुंचेगे। रूट में 10 विशेष पॉइंट बनाए जाएंगे जहां समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणो द्वारा ख़ास अंदाज में साईकलिस्टों का उत्साहवर्धन एवं स्वागत करेंगे। पूरे रूट में करीब 10 हाइड्रेशन पांइट बनाए जाएंगे जहां साईकलिस्टों के लिए पानी, फल, ओआरएस पैकेट्स उपलब्ध रहेंगे। सुरक्षा व्यस्था एवं निगरानी हेतु पुलिस पेट्रोलिंग टीम तैनात रहेगी। इसके लिए रूट में 15 पेट्रोलिंग पॉइंट निर्धारित किये गये हैं। एम्बुलेंस मय मेडिकल टीम की भी तैनाती रहेगी। सोनबरसा वन विहार में स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा फ़ूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे जिसमें स्थानीय व्यंजनों की छटा रहेगी।
बलौदाबाज़ार साइक्लोथॉन में देश भर के करीब 924 लोगों ने पंजीयन किया है। साइक्लोथॉन में प्रतियोगिता की दो श्रेणियां है जिसमें पहली ज़िले के निवासियों के लिए और दूसरी अन्य ज़िले अथवा राज्य के निवासियों के लिए है। दोनों श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार महिला एवं पुरुष वर्ग में पृथक -पृथक दिए जाएंगे।


