छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर “रन फॉर आयुर्वेद” का आयोजन स्वस्थ जीवन के लिए ली गई शपथ


बीजापुर, 23 सितम्बर 2025/sns/ – आयुष विभाग द्वारा राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में “रन फॉर आयुर्वेद” (Run for Ayurveda) का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेद के प्रति जनजागृति फैलाना और स्वस्थ जीवन के लिए प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल उत्साहपूर्ण वातावरण में हुई, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के माध्यम से प्रतिभागियों ने आयुर्वेदिक जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने आयुर्वेद के सिद्धांतों के अनुरूप दिनचर्या का पालन करने और प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर स्वस्थ रहने की शपथ भी ली। शपथ में दैनिक आहार-विहार, योग, प्राणायाम, समय पर सोना और जागना जैसे आयुर्वेदिक नियमों को जीवन में शामिल करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में विभाग के अधिकारियों द्वारा आयुर्वेद की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे आधुनिक जीवन में अधिकाधिक अपनाने की अपील की गई। आयुष विभाग द्वारा आयोजित यह आयोजन जनस्वास्थ्य की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा, जिसने आयुर्वेद के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *