कवर्धा, 20 सितम्बर 2025/sns/- कबीरधाम जिले में कलेक्टर श्री गोपला वर्मा ने मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता वर्ष शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर.वर्मा द्वारा कवर्धा विकासखण्ड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला जेवडन खुर्द विद्यालय प्रारंभ समय पूर्व उपस्थित हो कर निरीक्षण किया गया। औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय में प्रार्थना सभा प्रातः 10ः10 बजे प्रारंभ होना पाया गया। विद्यालय में कार्यरत 02 व्याख्याता एवं अधिसंख्य छात्र-छात्राए विद्यालय लगने के आधे घंटे विलंब से पहुंचे।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर.वर्मा द्वारा प्रार्थना सभा में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को समय के पाबंद एवं अनुशासन संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान कर मानबिन्दु स्थापित करते हुए, समय पर उपस्थित होने के लिए प्रेरित किया गया। निरीक्षण के दौरान कक्षा दसवी में विद्यार्थियों से चर्चा कर शैक्षिक गुणवतता का आकलन के साथ सतत् एवं विस्तृत अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया। कैरियर मार्गदर्शन करते हुए कक्षा दसवीं में अध्ययनरत् विद्यार्थियों को अपने रूचि एवं लक्ष्य के अनुरूप संकाय चयन करने के लिए सुझाव दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विद्यालय के प्राचार्य को विलंब से प्रार्थना सभा आयोजित करने एवं संस्था में विलंब से उपस्थित शिक्षको को कारण बताओं सूचना जारी किया जा रहा है।

