छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025 मेधावी छात्राओं का सम्मान, खेल और संस्कृति का रंगारंग आयोजन

सुकमा, 04 सितम्बर 2025/sns/- छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025 के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को स्वामी विवेकानंद सभागार सुकमा में मेधावी बिटिया सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को प्रोत्साहित करना और उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना रहा।
महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) की ओर से आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी ने सखी वन स्टॉप सेंटर, सुकन्या योजना, नोनी सुरक्षा योजना, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही बालिकाओं को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। जिला पंचायत सदस्य श्री हुंगाराम मरकाम ने भी कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए निबंध, चित्रकला, शतरंज, लूडो, कुर्सी दौड़, खो-खो, कबड्डी और पिट्ठुल जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली छात्राओं और विशेष रूप से मेधावी छात्राओं को पुरस्कार और सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम ने न केवल बालिकाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि उन्हें समाज में सशक्त और सुरक्षित भूमिका निभाने के लिए प्रेरित भी किया। यह आयोजन जिले में नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी सहित जिला पंचायत सदस्य श्री हूँगाराम मरकाम, गीता कवासी, माड़े बारसे, श्री रंजीत बारठ, श्री दिलीप पेद्दी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रीना पेददी, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री शिवदास नेताम, जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री जितेंद्र सिंह, महिला संरक्षण अधिकारी श्रीमती प्रमिला सिंह, केंद्र प्रशासक सुश्री डालिमा गौर, जिला मिशन समन्वयक श्रीमती शांति सेठिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *