छत्तीसगढ़

दिल्ली की आरोही मुंशी ने भरतनाट्यम से किया कला और परंपरा का अद्भुत संगम


रायगढ़, 02 सितम्बर 2025/sns/- चक्रधर समारोह 2025 के मंच पर भारतीय शास्त्रीय नृत्य की प्रतिभाशाली कलाकार आरोही मुंशी ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति देकर दर्शकों को गहन अनुभव प्रदान किया। दिल्ली की आरोही मुंशी ने अपनी माँ और गुरु डॉ. लता मुंशी के मार्गदर्शन में बचपन से भरतनाट्यम की शिक्षा ली और इस विधा में स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने पारंपरिक भरतनाट्यम की गहराई को आधुनिक भारतीय संवेदनाओं से जोड़ते हुए कई नृत्य-कोरियोग्राफियां रचीं। उनका विशेष कार्य सैय्यद हैदर रज़ा की पेंटिंग्स को खयाल और ध्रुपद के साथ भरतनाट्यम में प्रस्तुत करना भी रहा है।
आरोही मुंशी देश और विदेश के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रस्तुतियां दे चुकी हैं। खजुराहो नृत्य महोत्सव, भारत भवन महोत्सव, ताज महोत्सव जैसे राष्ट्रीय मंचों के साथ-साथ उन्होंने सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, कनाडा और मलेशिया जैसे देशों में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर भारतीय संस्कृति को गौरवान्वित किया है।
समारोह के मंच पर उन्होंने भरतनाट्यम में महिषासुर मर्दिनी की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसमें  माँ दुर्गा के रौद्र और शांत दोनों रूपों का अद्भुत चित्रण हुआ। इस प्रस्तुति में परंपरा और आधुनिकता का ऐसा संगम दिखाई दिया जिसने दर्शकों को लंबे समय तक स्मरणीय अनुभव प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *