सुकमा, 02 सितम्बर 2025/sns/- कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाओं और कार्यक्रमों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि पोटाकेबिन एवं आश्रम छात्रावासों में बच्चों के स्वास्थ्य की विशेष निगरानी रखी जाए। मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए सभी संस्थानों में आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध रहें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में उन्होंने बताया कि आगामी 15 सितम्बर को राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने कहा कि निष्क्षय मित्र अभियान में सभी अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय भागीदारी करें, ताकि टीबी उन्मूलन की दिशा में ठोस परिणाम सामने आ सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा की दृष्टि से स्कूलों के आसपास लगे ट्रांसफार्मर को अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
कलेक्टर श्री ध्रुव ने अटल मॉनिटरिंग सिस्टम के तहत सभी प्रविष्टियाँ समय पर करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पेंशन का भुगतान डीबीटी के माध्यम से ही किया जाए। इस संबंध में सभी सीएमओ को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुंद ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री गजेंद्र सिंह ठाकर, एसडीएम श्री विजय प्रताप खेस सहित जिले के विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

