बलौदाबाजार, 29 अगस्त 2025/sns/- छत्तीसगढ़ रजत जयंती के अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल के मार्गदर्शन में स्कूल शिक्षा विभाग के 70 हाई स्कूल, 134 हायर सेकण्डरी, 466 पूर्व माध्यमिक शालाओं तथा 888 प्राथमिक शालाओं सहित अशासकीय शालाओं एवं विभागीय कार्यालयों में पुस्तक वाचन, स्पीड रीडिंग, दिवार प्रतियोगिता का विमोचन गतिविधि आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।इसमें शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के 2 लाख 13 हजार 489 छात्र -छात्राओं ने पुस्तक वाचन किया। इसके साथ ही 6157 शिक्षक एवं 3713 जनप्रतिनिधियों ने भी वाचन किया।
विभाग द्वारा आयोजित की जाने वाली कार्यक्रमों के संचालन हेतु राज्य परियोजना कार्यालय रायपुर द्वारा जिला स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। विकासखण्ड स्तर पर विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को नोडल, विकासखण्ड स्रोत समन्वयक को सहायक नोडल अधिकारी, संकुल स्तर पर संकुल प्रभारी को नोडल व संकुल शैक्षिक समन्वयक को सहायक नोडल अधिकारी, शाला स्तर पर संस्था प्रमुख को नोडल व संस्था के वरिष्ठ शिक्षक को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है जिसके द्वारा कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है।



