अम्बिकापुर, 24 जुलाई 2025/sns/- कलेक्टर श्री विलास भोसकर के मार्गदर्शन में बुधवार को जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक जिला कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री रामसिंह ठाकुर एवं श्री ए.एल.ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों और मांगों की जानकारी दी। कर्मचारियों के द्वारा समयमान, वेतनमान, पदोन्नति, शासकीय आवास आबंटन, लंबित अनुकम्पा नियुक्ति की कार्यवाही पूर्ण करने सहित अन्य कर्मचारी कल्याणकारी लाभों से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी मांगों और सुझावों यथोचित निराकरण सुनिश्चित करें। इस दौरान समय-समय पर विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित किए जाने कहा गया। कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया गया कि सभी समस्याओं एवं मांगों का निराकरण किया जाएगा।

