बलौदाबाजार,14 जुलाई 2025/sns/- कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में एक्सटेंशन रिफार्म्स आत्मा योजनांतर्गत विकासखण्ड कसडोल के ग्राम सोनाखान, भुसड़ीपाली एवं कसौदी के 38 कृषकों को फसल प्रदर्शन का आयोजन हेतु उड़द बीज का वितरण किया गया। कृषकों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न केन्द्र एवं राज्य पोषित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
वर्तमान खरीफ सीजन में डी.ए.पी. के स्थान पर एस.एस.पी. अथवा एन.पी. के. उर्वरक के उपयोग हेतु कृषकों को सलाह दिया गया, साथ ही विभिन्न फसलों में उर्वरकों के संतुलित उपयोग के माध्यम से खेती हेतु प्रोत्साहित किया गया। भारत सरकार के माध्यम से कृषकों को रासायनिक उर्वरक की उपयोग में कमी हेतु नैनो यूरिया एवं नैनो डी.ए.पी. क़ा छिडकाव के बारे जानकारी दी गई। कृषकों को प्राकृतिक, परम्परागत एवं जैविक खेती से लाभ के बारे में भी बताया गया। कृषक उन्नति योजना खरीफ 2025 हेतु जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी कृषकों को प्रदाय की गई जिसके अन्तर्गत विगत खरीफ में एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीकृत ऐसे कृषक जिन्होंने धान फसल लगाई हो तथा प्रदेश के सहकारी समितियों में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया हो, उन्हें धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसल हेतु एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन तथा गिरदावरी में रकबे की पुष्टी उपरान्त मान्य रकबे पर राशि रूपये 11000 प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान किया जायेगा। खरीफ में दलहन, तिलहन, मक्का, लघु धान्य फसल (कोदो, कुटकी एवं रागी) एवं कयास लेने वाले कृषकों को एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन तथा गिरदावरी में रकबे की पुष्टी उपरान्त मान्य रकबे पर राशि रूपये 10000 प्रति एकड़ की दर से सहायता राशि प्रदान किया जाएगा। खरीफ 2025 में समितियों में धान विक्रय हेतु सभी किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य किया गया है।
इस दौरान कृषि स्थायी समिति सभापति देवसिंह यादव, जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति खेल एवं युवा कल्याण विभाग सुश्री गायत्री बरिहा, जनपद सदस्य सुंदरमति बरिहा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी धनेश्वर साय, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी हेमंत डडसेना एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक योगेश सिंगौर एवं किसान उपस्थित रहे।