बीजापुर, 03 जुलाई 2025/sns/ – 11 जून 2025 आयुष्मान आरोग्य मंदिर तुमनार, ब्लॉक बीजापुर जिला बीजापुर ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक NQAS प्रमाणन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और समुदाय के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है जो आयुष्मान भारत योजना के तहत व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल प्रदान करने के मिशन को मजबूत करती है।
NQAS मूल्यांकन में राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं, बुनियादी ढांचे, रिकॉर्ड प्रबंधन, स्वच्छता, और रोगी देखभाल की गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर तुमनार ने निवारक, प्रोत्साहनात्मक, उपचारात्मक, पुनर्वास और उपचारात्मक देखभाल जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि ने केंद्र को क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक मॉडल के रूप में स्थापित किया है।
जिला कलेक्टर बीजापुर ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” तुमनार का NQAS प्रमाणन में 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करना जिले के लिए गौरव का क्षण है। यह उपलब्धि हमारे स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण और जिला प्रशासन के सहयोगात्मक प्रयासों का परिणाम है। हमारा लक्ष्य है कि जिले के प्रत्येक नागरिक को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हों और यह उपलब्धि उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला बीजापुर ने कहा, यह उपलब्धि हमारे स्वास्थ्य कर्मियों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करना न केवल हमारे लिए गर्व का विषय हैए बल्कि यह समुदाय को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर तुमनार ने गैरसंचारी रोगों, मानसिक स्वास्थ्य, नेत्र रोग, मौखिक स्वास्थ्य, वृद्धावस्था देखभाल और आपातकालीन सेवाओं जैसे क्षेत्रों में अपनी सेवाओं का विस्तार किया है जो पहले केवल जिला स्तर पर उपलब्ध थीं। यह केंद्र आयुष्मान भारत योजना के तहत समुदाय के करीब व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में अग्रणी रहा है।
इस अवसर पर केंद्र के कर्मचारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और सहायक स्टाफ को उनके अथक प्रयासों के लिए बधाई दी गई। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए एक प्रेरणा बताया और भविष्य में भी ऐसी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने का संकल्प दोहराया।



