छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की समृद्धि के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता प्रदान कर रहा है-जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू

समन्वित कृषि प्रणाली पर कृषक प्रशिक्षण का आयोजन

कवर्धा, 01 अप्रैल 2025/SMS/- कृषि विज्ञान केन्द्र, कवर्धा में आदिवासी कृषकों के आजीविका संवर्धन के लिए समन्वित कृषि प्रणाली की स्थापना पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सह सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्री ईश्वरी साहु, अध्यक्ष जिला पंचायत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह परियोजना राष्ट्रीय पशुरोग जानपदिक एवं सूचना विज्ञान संस्थान, बेंगलुरू द्वारा वित्त पोषित है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि के साथ-साथ पशुपालन, बकरी पालन, मुर्गीपालन, सब्जी उत्पादन, वर्मीखाद उत्पादन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देना है। इन सभी गतिविधियों को अपनाकर कृषकों को वर्षभर निरंतर आय प्राप्त होती है और कृषि के उपलब्ध संसाधनों का पूर्ण उपयोग किया जा सकता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहु ने कृषकों को संबोधित करते हुए समन्वित कृषि प्रणाली अपनाने की सलाह दी और राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषक हितैसी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन कृषकों की समृद्धि के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता प्रदान कर रहा है। इस अवसर पर डॉ. बी.पी. त्रिपाठी, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केन्द्र, कवर्धा ने समन्वित कृषि प्रणाली के लाभ और कृषि विज्ञान केन्द्र की गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने कृषकों को इस योजना के लाभ और अवसरों के बारे में बताया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के हाथों से कृषकों को उन्नत नस्ल की बकरियां, सब्जी के कीट, कड़कनाथ मुर्गा और बटेर के चूंजे वितरित किए गए। डॉ. प्रशांत सागर शर्मा, पशुचिकित्सा सहायक शल्यज्ञ ने बकरी और मुर्गीपालन के तकनीकी पहलुओं से कृषकों को अवगत कराया। कार्यक्रम में निदेशक, अटारी, जोन-9, जबलपुर, डॉ. एस. आर. के. सिंह एवं निदेशक प्रसार, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर, डॉ. एस. एस. टुटेजा ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर कृषकों को संबोधित किया। कृषकों को कृषि विज्ञान केन्द्र, कवर्धा में समन्वित कृषि प्रणाली अंतर्गत स्थापित पशुपालन इकाई, कड़कनाथ पालन इकाई, बटेर पालन, मछली और बत्तख पालन इकाई का भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें इन गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त हुई। इस कार्यक्रम में 50 से अधिक आदिवासी कृषकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में श्री गोपाल साहु, अध्यक्ष, सेवा सहकारी समिति, कवर्धा और कृषि विज्ञान केन्द्र, कवर्धा के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम ने कृषकों के लिए समन्वित कृषि प्रणाली अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है, जिससे उनका आर्थिक सशक्तिकरण संभव हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *