किसान ने मुख्यमंत्री जनदर्शन रायपुर में किया था आवेदन, तत्काल किया गया निराकरण
मुख्यमंत्री, कलेक्टर और जिला प्रशासन का किसान ने जताया आभार
मुंगेली जनवरी 2025/sns/ मुख्यमंत्री जनदर्शन रायपुर में मुंगेली के किसान द्वारा दिए गए आवेदन का जिला प्रशासन द्वारा तत्काल निराकरण किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव देव साय के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री राहुल देव ने जिला कलेक्टोरेट में विकासखंड लोरमी के ग्राम हड़गांव के किसान श्री बलदाऊ कश्यप को मत्स्य पालन किसान क्रेडिट कार्ड योजना अंतर्गत डेढ़ लाख रुपए का चेक प्रदान किया और उन्हें मछली पालन के व्यवसाय को बढ़ाकर अधिक से अधिक आमदनी अर्जित करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी एवं श्री जी. एल. यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
किसान ने बताया कि उन्होंने गत दिवस रायपुर में आयोजित मुख्यमंत्री जनदर्शन में मत्स्य विभाग क्रेडिट कार्ड योजना अंतर्गत लाभ दिलाने की मांग की थी। वे पिछले दो वर्षों से मछली पालन का व्यवसाय कर रहे हैं और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 01 हेक्टेयर खेत में तालाब का निर्माण कराया है, जिस पर मछली पालन करते हैं। इससे उन्हें प्रति वर्ष 04 लाख रुपए तक की आमदनी हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री, कलेक्टर और जिला प्रशासन का धन्यवाद करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि इस क्रेडिट कार्ड राशि से वे अपने व्यवसाय को और बढ़ाएंगे।
मत्स्य पालन विभाग के सहायक संचालक श्री आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना का उद्देश्य मछली, झींगा और अन्य जलीय जीवों के पालन हेतु किसानों को कार्यशील पूंजी की आवश्यकता पूरी करने के लिए लचीली और सरल ऋण प्रक्रिया प्रदान करना है। इस योजना का लाभ लेने के लिए मछुआरों या मत्स्यपालकों के पास मछली पालन से जुड़ी कोई परिसंपत्ति और प्रमाणन होना चाहिए। जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी श्री संतोष सिंह ठाकुर ने बताया कि मछली पालन विभाग से प्राप्त प्रकरण का निराकरण करते हुए हितग्राही श्री बलदाऊ कश्यप को यह ऋण प्रदाय किया गया है।