छत्तीसगढ़

आंध्रप्रदेश के प्रतिनिधि मंडल ने सुकमा जिले के प्रवास पर विकास कार्यों और जन हितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का किया अवलोकन

बस्तर की संस्कृति और मेहमाननवाजी से हुए अभिभूतसुकमा, दिसंबर 2024/sns/बस्तर में चल रहे संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक के तहत आंध्र प्रदेश के प्रतिनिधि मंडल का आगमन राज्य अतिथि के रूप में हुआ है। उक्त प्रतिनिधि मंडल 16 दिसंबर तक बस्तर में प्रवास रहेगा। बस्तर पहुंचने पर जिला प्रशासन अधिकारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया।
चिटपिट्टिन माता के दर्शन और रॉक गार्डन का किया भ्रमण
शनिवार को प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने सुबह रामाराम मंदिर में चिटपिट्टिन माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने रॉक गार्डन का भ्रमण किया। प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय कला से सुसज्जित इस स्थल ने प्रतिनिधियों को बेहद प्रभावित किया। बस्तर की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के दर्शन से प्रतिनिधि मंडल के सदस्य उत्साहित नजर आए।
विशेष बच्चों से की मुलाकात, दिया प्रोत्साहन
इसके बाद प्रतिनिधि मंडल ने आकार आवासीय संस्थान सुकमा का दौरा किया। इस संस्थान में विशेष आवश्यकताओं वाले बच्चों से मिलकर प्रतिनिधि बेहद खुश हुए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए सामूहिक गीत और संगीत कार्यक्रम ने उन्हें प्रभावित किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा और हौसले की प्रशंसा करते हुए संस्थान को प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
संस्थान में बच्चों द्वारा बनाए गए कलाकृति और पेंटिंग्स के प्रदर्शन को भी सराहा गया। इस दौरान उन्होंने इस मौके को अपने मोबाइल में कैप्चर करते नजर आए।
इसके साथ ही प्रतिनिधि मंडल ने संस्थान की लाइब्रेरी और पीएससी कोचिंग सेंटर का दौरा किया। उन्होंने यहां छात्रों को दिए जा रहे मार्गदर्शन और सुविधाओं को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।
प्रतिनिधि मंडल की मुलाकात जिले के अपर कलेक्टर श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर और एडिशनल एसपी श्री अभिषेक वर्मा से भी हुई। इस दौरान अपर कलेक्टर ने मंडल को जिले की उपलब्धियों और विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, और खेल के क्षेत्र में जिले द्वारा किए गए प्रयासों पर प्रकाश डाला।
आंध्र प्रदेश से आए प्रतिनिधियों ने बस्तर की मेहमाननवाजी, संस्कृति और शासन-प्रशासन के प्रयासों से हुए विकास कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर न केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है, बल्कि यहां की संस्कृति और लोगों का अपनापन भी इसे खास बनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *