कलेक्टर ने धीरी परियोजना का किया निरीक्षण
- कलेक्टर की पहल पर दुर्ग जिले से समन्वय करते हुए डूडा एनीकट के निर्माणाधीन कार्य को पूर्ण करने से मिला सुखद परिणाम
- नदी से पानी लेकर उसका ट्रीटमेंट कर 24 गांवों में की जा रही जल की आपूर्ति
- खाद एवं बीज लेने के लिए आ रहे किसानों को नहीं होना चाहिए समस्या, किसानों के समय की हो बचत
राजनांदगांव 08 मई 2024। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज राजनांदगांव स्थित धीरी परियोजना का निरीक्षण किया। इसके कुछ दिनों पहले कलेक्टर श्री अग्रवाल ने ग्राम ईरा में इंटकवेल का अवलोकन किया था, जहां पानी नहीं था। उन्होंने दुर्ग जिले से समन्वय करते हुए व्यक्तिगत तौर पर पहल की और दुर्ग जिले में डुडा एनीकट के निर्माणाधीन कार्य को पूर्ण कराने के लिए कहा, जिसका सुखद परिणाम मिला। धीरी परियोजना में अब पानी की समस्या नहीं है और जल से भरा हुआ है। इस परियोजना के तहत नदी से पानी लेकर उनका ट्रीटमेंट कर 24 गांवों में जल की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने इस दौरान ग्राम धीरा, सांकरा, धीरी और सोमनी में ग्रामीणों से पेयजल के संबंध में चर्चा की। ग्रामवासियों ने बताया कि कुछ स्थानों में पानी की समस्या है। गांव में टूल्लू पम्प लगे होने के कारण जल का स्तर नीचे चला गया है और कुछ घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। कलेक्टर ने पंचायत एवं पीएचई विभाग की टीम को ग्रामों में निरीक्षण कर समाधान करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि 28 करोड़ 77 लाख 44 हजार रूपए की लागत से निर्मित धीरी परियोजना से 24 गांव में पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसके अंतर्गत ग्राम सोमनी, खुटेरी, ठेकवा, ठाकुरटोला, मनकी, तोरनकट्टा, सुंदरा, ईरा, सांकरा, धीरी, फरहद, ककरेल, महुआभाठा, परमालकसा, अचानकपुर भाठापारा, बैगाटोला, नवागांव, फुलझर, बिरेझर, इंदावानी, टेड़ेसरा, कोपेडीह, मगरलोटा, देवादा लाभान्वित हो रहे हंै। इन ग्रामों में उच्चस्तरीय जलागार बनाया गया है।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने सेवा सहकारी समिति सोमनी का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित किसानों से चर्चा की तथा काउंटर पर खड़े होकर खाद एवं बीज लेने के लिए आए किसानों की प्रक्रिया को देखा। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। बैंक में किसानों को कम समय लगे इस बात के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री समीर शर्मा, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन श्री जीडी रामटेके सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक 12 – उषा किरण ———————-
किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज एवं खाद सहज उपलब्ध कराएं – कलेक्टर - कलेक्टर ने खरीफ फसल के दृष्टिगत जिले में खाद-बीज भण्डारण एवं वितरण के संबंध में की समीक्षा
राजनांदगांव 08 मई 2024। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने खरीफ फसल के दृष्टिगत जिले में खाद-बीज भण्डारण एवं वितरण के संबंध में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की बैठक लेकर समीक्षा की। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने खाद-बीज के भंडारण और किसानों को किए जा रहे वितरण की जानकारी ली। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि जिले में लक्ष्य के अनुरूप खाद-बीज का भण्डारण हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी सोसायटी में पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तायुक्त बीज का भंडारण रखें और किसानों की मांग पर बीज का वितरण किया जाए। उन्होंने समय-समय पर बीज की गुणवत्ता को जांच करने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज एवं खाद सहज उपलब्ध हो जाना चाहिए। उन्हें खाद-बीज के लिए दुबारा सोसायटी आने की जरूरत नहीं पडऩी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को अनावश्यक खाद-बीज के लिए दिक्कत नहीं होना चाहिए। उन्होंने जिन सोसायटियों में खाद-बीज उपलब्ध नहीं है वहां तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जैविक खेती से होने वाले फायदें के संबंध में किसानों को जागरूक करने कहा। उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए गांव-गांव में जाकर किसानों को प्रोत्साहित करने कहा। जैविक खेती के उत्पाद स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से लाभप्रद है। इसके फायदे किसानों को बतायें। इसके साथ ही मिट्टी की उर्वरा शक्ति में वृद्धि होती है। रासायनिक खेती के दुष्परिणाम एवं हानि से किसानों को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि रासायनिक खेती से भूमि की उर्वरा शक्ति कम होती है। अच्छी गुणवत्ता की पैदावार नहीं हो पाती है। कम मात्रा में पैदावार होती है। जिससे किसानों की आय में कमी होती है। उन्होंने किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने कहा। इसके साथ किसानों को पैदावार बढ़ाने के संबंध में सलाह देने कहा। जिससे किसानों के आय में वृद्धि होगी। बैठक में उप संचालक कृषि श्री नागेश्वर लाल पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक 13 – प्रवीण ———————-