रायपुर, 11 मार्च, 2024। अपने जन्मदिन को मनाने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय ने स्कूली बच्चों के लिए अपने निवास में खीर बनाई। फिर केक लेकर प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला खम्हारडीह भी पहुंची। यहां बच्चों को उन्होंने इतना अपनापन दिया कि बच्चे उनके बेहद करीब आ गये। जब केक कटा तो उन्होंने बच्चों को केक खिलाया। बच्चों ने पूरे उत्साह से उन्हें भी केक खिलाया और जैसाकि बच्चे बर्थडे में करते हैं। उन्होंने श्रीमती कौशल्या देवी को केक खिलाया भी और उन्हें केक लगाया भी।
श्रीमती साय ने इस मौके पर बच्चों के साथ ढेर सारी बात की। उन्होंने बताया कि हर साल वे अपने जन्मदिन पर घर में कथा करती हैं। आश्रम शालाओं में बच्चों से मिलती जुलती भी हैं और सबके साथ जन्मदिन मनाते हैं।
प्रायः जन्मदिन जशपुर में मनाते हैं। इस बार आपके साथ जन्मदिन मनाने का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण अभियान चलाया। इसके माध्यम से हम लोग यहां भी न्योता भोज मना रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय जी ने अपना जन्मदिन बगीचा में मनाया। वहां भी बच्चों ने खूब उत्साह से उनका जन्मदिन मनाया। श्रीमती साय ने कहा कि फूल जैसे बच्चों के बीच आकर और उनका उत्साह देखकर मन बहुत खुश हो गया। हमेशा याद रहने वाली सुंदर स्मृति इन बच्चों ने दे दी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के पश्चात छत्तीसगढ़ में लगातार जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक न्योता भोज कर रहे हैं। आज श्रीमती कौशल्या साय का जन्मदिन है और उन्होंने भी इसे न्योता भोज के रूप में मनाया।
न्योता भोज में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, निगम आयुक्त श्री अबिनाश मिश्रा के अलावा ज़िला प्रशासन के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।







