- बायोमेट्रिक धान खरीदी से किसानों को होगी सुविधा
- गिरदावरी के कार्य को प्राथमिकता से करें
- किसानों के पंजीयन में प्रगति लाने कहा
- मुख्य सचिव ने धान खरीदी के संबंध में कलेक्टर्स की ली बैठक
राजनांदगांव 15 सितम्बर 2023। मुख्य सचिव श्री अभिताभ जैन ने आज वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से धान खरीदी के संबंध में कलेक्टर्स की बैठक ली। इस दौरान कलेक्टर श्री डोमन सिंह उपस्थित रहे। मुख्य सचिव श्री अभिताभ जैन ने गिरदावरी, खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में किसान पंजीयन की प्रगति, बायोमेट्रिक आधारित धान खरीदी, खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में धान उपार्जन के लिए बारदाने की व्यवस्था, खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में चावल उपार्जन की प्रगति, पीडीएस की राशि वसूली की स्थिति, अवैध उत्खनन व परिवहन पर रोकथाम के संबंध में चर्चा की। मुख्य सचिव ने कहा कि 1 नवम्बर 2023 से धान की खरीदी प्रारंभ हो रही है। उन्होंने कहा कि अच्छी धान खरीदी के लिए पहले से पूरी व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। गिरदावरी त्रुटि रहित होना चाहिए। सभी कलेक्टर पटवारी हल्कों का निरीक्षण करें। उन्होंने इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों में किसान पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली तथा आधार अपडेशन, नामिनेशन के कार्य में प्रगति लाने कहा। जिन ग्रामों में किसान पंजीयन की गति धीमी है, वहां निरीक्षण कर गति लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव श्री जैन ने कहा कि इस वर्ष से बायोमेट्रिक आधारित धान खरीदी की जा रही है। ऐसे बुजुर्ग किसान जो स्वयं धान उपार्जन केन्द्र में उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं, तो उनके नामिनी धान उपार्जन केन्द्र में उपस्थित होकर बायोमेट्रिक एथेंटिकेशन के आधार पर धान विक्रय कर सकते हैं। इसके लिए ट्रस्टेड पर्सन के द्वारा भी बायोमेट्रिक एथेंटिकेशन कर धान विक्रय किया जा सकता है। उन्होंने बायोमेट्रिक आधारित खरीदी प्रणाली के प्रशिक्षण की उपयुक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बायोमेट्रिक आधारित खरीदी प्रणाली की जानकारी हेतु खरीदी केन्द्र स्तर पर किसानों के लिए प्रचार-प्रसार करने कहा। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा 20 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। इसके लिए सख्त मानिटरिंग की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के लिए बारदाने की व्यवस्था कर लें। भारत शासन से 3 लाख बारदाने की अनुमति प्राप्त हो गई है। पीडीएस के पुराने बारदानों का सत्यापन करने कहा। उन्होंने नान में मिलर्स के पंजीयन, नान में समय पर चावल जमा करने तथा अवैध उत्खनन व परिवहन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में किसान पंजीयन प्रगति के संबंध में जानकारी दी। बायोमेट्रिक धान खरीदी के लिए उन्होंने सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि धान खरीदी के लिए बारदाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए नये बारदानों के साथ पुराने बारदानों का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने वर्ष 2022-23 में चावल उपार्जन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने किसान पंजीयन में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक धान खरीदी के लिए ट्रस्टेड पर्सन समिति का व्यक्ति नहीं होना चाहिए। कलेक्टर द्वारा नामांकित अधिकारी, सहायक खाद्य अधिकारी, खाद्य निरीक्षक, सहकारिता विस्तार अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, खरीदी केन्द्र का नोडल अधिकारी में से कोई एक ट्रस्टेड पर्सन हो सकता है। आधार प्रमाणीकरण बायोमेट्रिक के माध्यम से सफलतापूर्वक दर्ज नहीं होता है, तो उस स्थिति में अंतिम विकल्प के रूप में आधार से लिंक मोबाईल नंबर में ओटीपी भेजकर किसान नामांकित व्यक्ति का पहचान प्रमाणीकरण का विकल्प दिया रहेगा। पंजीयन के दौरान किसान का मोबाईल नंबर अपडेट कर लें। इस अवसर पर खाद्य अधिकारी श्री भूपेन्द्र मिश्रा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ श्री सुधीर सोनी, उप पंजीयक सहकारिता सुश्री शिल्पा अग्रवाल, जिला विपणन अधिकारी श्रीमती प्रियंका देवांगन, डिप्टी कलेक्टर श्री गौतम पाटिल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।