छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने धान खरीदी के बचे हुए दिनों में सतर्कता रखते हुए धान खरीदी करने के दिए निर्देश

संवेदनशील खरीदी केन्द्रों में नायब तहसीलदार और खाद्य निरीक्षक प्रत्यक्ष रूप से करेंगे कड़ी निगरानी

कलेक्टर श्री महोबे ने धान खरीदी की समीक्षा की

कवर्धा, जनवरी 2023। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में धान खरीदी के संबंध में समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बैठक में सहकारी समिति स्तर पर धान की सुरक्षा एवं रखरखाव और सीमावर्ती जिलों में अन्य राज्यों एवं कोचियों-बिचौलियों द्वारा अवैध धान विक्रय पर नियंत्रण, समितियों से मिलर्स द्वारा धान उठाव और मिलर्स द्वारा भारतीय खाद्य निगम और नागरिक आपूर्ति निगम में चावल जमा की समीक्षा की। कलेक्टर ने धान खरीदी के अंतिम दिनों में चिंन्हांकित संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों में कड़ी निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिन्हांकित 12 संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों में नायब तहसीलदार और फुड इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाने निर्देशित किया। कलेक्टर ने 31 जनवरी तक सभी चेकपोस्टों में कड़ाई से जांच करने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे के मार्गदर्शन में जिले में शांतिपूर्ण ढंग से धान की खरीदी की जा रही है। जिले के वास्तविक किसानो को धान बेचने में कोई परेशानी ना हो इसके लिए सबंधित एसडीएम, जिला नोडला अधिकारी, समिति प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है। वहीं बिचोलिए तथा अन्य व्यक्तियों द्वारा किसानों की ऋण पुस्तिका के माध्यम से धान बेचने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी भी रखी जा रही है। प्रशासन की सक्रियता और कड़ी निगरानी को देखते हुए धान के अवैध परिहनों में कमी भी आई है, लेकिन फिर भी जिले के अंदरूनी धान खरीदी केन्द्रों में धान के अवैध परिवहन करने के फिराक में लगे हुए है। कलेक्टर के निर्देश पर जिले के संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों को चिन्हाकिंत कर लिया गया है। ऐसे केन्द्रों को चिन्हांकित कर एसडीएम, तहसीलदार और प्रशासनिक अमला स्वयं अपनी निगरानी में रखे हुए है।

जिले में अब तक 93.87 प्रतिशत किसान बेच चुके अपना धान

धान खरीदी के प्रारंभ होने से लेकर अब तक जिले में 4 लाख 38 हजार 670 मैट्रिक टन लगभग 93.87 प्रतिशत धान की खरीदी हो गई है। जिले के 94.98 प्रतिशत किसान लगभग एक लाख 5 हजार 945 किसानों ने सफलता पूर्वक अपना धान बेच चुके है। जिले के 90 प्राथमिक सेवा सहकारी समितियों के अंतर्गत 107 धान खरीदी केन्द्रों में सुचारू रूप से धान की खरीदी की जा रही है। बचे हुए दिनों में सभी पात्र किसानों का धान खरीदा जाएगा।

किसान के ऋण पुस्तिका में किसी भी अन्य व्यक्ति कोचियों, बिचौलियों द्वारा धान बेचते पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई

कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि धान खरीदी के अंतिम दिवस में कोचियों बिचौलियों द्वारा धान खपाने की संभावना अधिक होती है। इनके द्वारा किसानों के ऋण पुस्तिका में धान बेचने की कोशिश होती है। किसान के अलावा उनके ऋण पुस्तिका में किसी भी अन्य व्यक्ति या बाहरी लोगों द्वारा धान बेचते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदने से पहले धान का भौतिक सत्यापन कर जांच करें। जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर धान जप्त कर कठोर कार्रवाई करें।

बिचौलियों पर की जा रही लगातार कार्यवाही

बैठक में बताया कि धान का अवैध परिवहन एवं धान उपार्जन नीति 2022-23 के उल्लंघन पर कार्यवाही की जा रही है। कबीरधाम जिले में अब तक अवैध धान का परिहन करते हुए 44 प्रकरण दर्ज किया गया है। जिसमें 43 वाहन, 5 हजार 108 बोरी धान जप्त किया गया गया है। बोड़ला विकासखंड अंतर्गत 20 प्रकरण, 2 हजार 235 बोरी धान, पंडरिया विकासखंड अंतर्गत 21 प्रकरण, 2 हजार 553 बोरी धान, कवर्धा विकासखंड अंतर्गत 02 प्रकरण, 200 बोरी धान और सहसपुर लोहारा अंतर्गत 1 प्रकरण से 120 बोरी धान को जब्त किया गया है। कलेक्टर ने जब्त संबंधित धान को जांच तथा दस्तावेज के परीक्षण के बाद धान का अंतिम निराकरण करने के निर्देश दिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *