- राज्योत्सव एवं छत्तीसगढ़ की संस्कृति थीम पर सभी ग्राम पंचायतों में रंगोली का होगा आयोजन
- सभी विभाग द्वारा लगाया जाएगा शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं पर आधारित स्टॉल
- 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस का होगा आयोजन
- एकता दौड़, सायकल रैली एवं मोटर सायकल रैली में शामिल होंगे सभी वर्ग के नागरिक
- धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी की समुचित व्यवस्था करने के दिए निर्देश
- साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित
राजनांदगांव, अक्टूबर 2022। कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने कहा कि एक नवम्बर को राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी विभाग आवश्यक तैयारी रखें। इस दौरान शासन की योजनाओं से संबंधित सभी विभागों की प्रदर्शनी स्टेट स्कूल में लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि रूरल इंडस्ट्रियल पार्क, गोधन न्याय योजना, वनाधिकार पट्टे, मुख्यमंत्री हाट बाजार, सुपोषण अभियान, धन्वतरी मेडिकल स्टोर्स जैसे शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाएं। राज्योत्सव का आयोजन मेले के स्वरूप में होगा। इसके लिए साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के अवसर पर राज्योत्सव एवं छत्तीसगढ़ की संस्कृति थीम पर सभी ग्राम पंचायतों में रंगोली का आयोजन किया जाएगा। समूह के 5 सदस्य इसमें शामिल होंगे। वहीं नगरीय निकायों में भी आयोजन करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभाई पटेल के जन्म दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। जिसमें सभी वर्ग के नागरिक शामिल होंगे। इस दौरान सुबह 7 बजे से 9 बजे तक सर्वेश्वरदास नगर पालिक निगम स्कूल मैदान से एकता दौड़, सायकल रैली एवं मोटर सायकल रैली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने इसके लिए रूट चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्दीधारियों का मार्चपास्ट भी होगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत, विकासखंड स्तर पर भी राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान खेल विभाग, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग आपस में समन्वय करते हुए कार्य करेंगे। उन्होंने मोहारा मेला की तैयारी करने के लिए भी कहा। उक्त बातें कलेक्टर श्री सिंह ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कही।
कलेक्टर श्री सिंह ने धान खरीदी की तैयारी की समीक्षा करते हुए कहा कि धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। किसानों के लिए पेयजल, छांव, रौशनी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने समिति प्रबंधकों के हड़ताल के संबंध में खाद्य अधिकारी को समन्वय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट में धान के अवैध परिवहन के दृष्टिगत कोचियों, बिचौलियों पर नजर रखते हुए सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि नीति आयोग, सांख्यिकीय विभाग द्वारा विकास के संबंध में लक्ष्य के लिए सुपोषण, स्वास्थ्य, सड़क, अधोसंरचना जैसे महत्वपूर्ण सूचकांको पर सभी विभाग प्राथमिकता देते हुए कार्य करें। उन्होंने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, आरईएस से सड़कों की मरम्मत के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी का कार्य शीघ्र प्रारंभ करें ताकि गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को मदद मिल सके। उन्होंने डोंगरगढ़ में प्रारंभ किए गए स्पेशल डोंगरगढ़ सी-मार्ट के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वहां सी-मार्ट में पूजा सामग्री के साथ ही समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पाद भी बिक्री के लिए रखें। सामग्री गुणवत्ता पूर्ण होनी चाहिए इसपर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कांजी हाऊस में मवेशियों के लिए पानी चारे के साथ ही अन्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गोधन न्याय योजना अंतर्गत जैविक खाद विक्रय की प्रगति, नगरीय क्षेत्रों में वृक्षारोपण हेतु कृष्ण कुंज बनाये जाने न्यूनतम एक एकड़ प्रस्तावित भूमि, हाट बाजार टीम द्वारा जांच मरीजों की संख्या, स्वामी आत्मानंद हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की समीक्षा, ऑनलाईन नामांतरण योजना के क्रियान्वयन करना, नामांतरण प्रक्रिया का सरलीकरण, अविवादित नामांतरण, बटवारा, त्रुटि सुधार के लिए प्रस्तावित नवीन प्रक्रिया, भवन विहीन आंगनबाड़ी केन्द्रों की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमित कुमार, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, संयुक्त कलेक्टर श्री खेमलाल वर्मा, एसडीएम श्री अरूण वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी जनपद सीईओ एवं अन्य अधिकारी जुड़े रहे।
