अधिक से अधिक आजीविकामूलक गतिविधि कराने के दिए निर्देश
स्व सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने किया प्रेरित
मुंगेली , जुलाई 2022// जिले के नवपदस्थ कलेक्टर श्री राहुल देव ने पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रमोहन सिंह के साथ आज मुंगेली विकासखंड के ग्राम जरहागांव और लोरमी विकासखण्ड के ग्राम खुड़िया में शासन की महत्वाकांक्षी सुराजी गांव योजना के तहत निर्मित गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने गौठान में गोबर खरीदी और वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन का अवलोकन किया और वहां मवेशियों के लिए पेयजल, चारा की व्यवस्था आदि की जानकारी ली। कलेक्टर श्री देव ने गौठानों में समूह की महिलाओं से चर्चा कर वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन, मछली पालन, बाड़ी में सब्जी उत्पादन, मशरूम उत्पादन आदि से होने वाली आमदनी के संबंध में जानकारी ली। ग्राम जरहागांव के गौठान मे कार्यरत मां उज्जवला स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि उनके समूह द्वारा वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय से उन्हें लगभग 60 हजार रूपए की आमदनी हुई है। मां आदर्श स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया की उनके द्वारा गौठान परिसर के समीप तालाब में मछली पालन किया जा रहा है। इसी प्रकार ग्राम खुड़िया के गौठान में कार्यरत गुलाब महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि उनके द्वारा वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय से लगभग 85 हजार रूपए की आमदनी हुई है। कलेक्टर श्री देव ने समूह की महिलाओं के कार्यों की सराहना की और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने गौठानों में मल्टीएक्टिविटी गतिविधियां संचालित की जा रही है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को गौठान में अधिक से अधिक आजीविकामूलक गतिविधि संचालित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी. एस. राजपूत, संयुक्त कलेक्टर श्री नवीन भगत और श्रीमती नम्रता आंनद डोंगरे, लोरमी अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती मेनका प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।