छत्तीसगढ़

कलेक्टर एवं सीईओ ने नई दिल्ली में ग्रहण किया अवार्ड

महासमुंद , जून 2022/ छत्तीसगढ़ प्रदेश के महासमुंद जिले को डिस्ट्रिक्ट स्किल डेवलपमेंट प्लानिंग के लिए सर्टिफिकेट ऑफ एक्सिलेंस अवार्ड से नवाजा गया। इस दौरान कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान एवं राज्य मंत्री श्री राजीव चंद्रशेखर भी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस. आलोक ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह में यह अवार्ड प्राप्त किया। भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय के सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने यह अवार्ड सौंपा।    भारत शासन द्वारा संचालित संकल्प परियोजना अंतर्गत कुशल भारत सशक्त भारत जिला कौशल विकास योजना पुरस्कार 2020-21 के बेस्ट प्लानिंग के लिए यह अवार्ड दिया गया। बतादें कि इस अवार्ड के लिए पूरे भारत मे अंडर 30 जिलों में छत्तीसगढ़ से केवल महासमुंद एवं दंतेवाड़ा जिले का नाम चयनित हुआ था। चयनित होने के उपरांत इन दोनों जिलों द्वारा प्रेजेंटेशन दिया गया जिसके उपरांत यह अवार्ड दिया गया।    कलेक्टर श्री निलेश कुमार क्षीरसागर ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने जिले के उन छात्रों और शिक्षित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की, जो विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों के तहत कोचिंग और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।   राज्य के विभिन्न जिलों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया, जबकि महासमुंद को कौशल विकास कार्यक्रमों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। पिछले कुछ वर्षों में, प्रशासन ने महासमुंद जिले में कौशल विकास के क्षेत्र में कई नवीन कार्यक्रम शुरू किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *