अम्बिकापुर 4 अप्रैल 2022/ संभाग स्तरीय जनजातीय नृत्य प्रतियोगिता में जिले के मैनपाट विकासखंड के सुपर स्टार करमा पार्टी डांगबुड़ा ने बाजी मारी। शैला नृत्य में सूरजपुर जिले के शिव शक्ति शैला दल, पहाड़ी कोरवा डमकच में लुण्ड्रा के जमाली के दल, सरहुल में जशपुर जिले के आदिवासी सांस्कृतिक नृत्य दल एवं कुडुख में भी जशपुर जिले ने पहला स्थान प्राप्त किया। अब ये सभी दल राजधानी रायपुर में 19 से 21 अप्रैल तक आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। राजमोहनी देवी भवन अम्बिकापुर में सोमवार को आयोजित संभाग स्तरीय जनजातीय प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग के पांचों जिले से 6 विधाओं के लिए 12 नर्तक दल शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने कहा कि राज्य शासन के मंशानुरूप जनजातीय कला, संस्कृति को संरक्षित कर आगे बढ़ने में प्रोत्साहित करने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। आदिवासियों में परंपरागत वादन, नृत्य परंपरा, वेशभूषा, रीति के आयामों को संरक्षित प्रोत्साहित करने के लगातार प्रयास किया जा रहा है। जनजातीय संस्कृति की धारा अक्षुण्य है उसे बनाये रखें। उन्होंने कहा कि यहां आयोजित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम आने वालों को राज्य स्तरीय आयोजन में शामिल होने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर भी सरगुजा संभाग का नाम रोशन हो ऐसी मन में भावना लेकर प्रदर्शन करें।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री जे.आर. नागवंशी ने बताया कि संभाग स्तरीय जनजातीय नृत्य प्रतियोगिता में 6 विधाओं में संभाग के जिलों से 12 नर्तक दल शामिल हुए। यहां से प्रथम स्थान प्राप्त दल 19 से 21 अप्रैल 2022 तक राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मधु सिंह, अनुसंधान अधिकारी श्री डीपी नागेश, श्री जवाहर गुप्ता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं नर्तक दल उपस्थित थे