धमतरी 16 फरवरी 2022/ राज्य शासन की महती गोधन न्याय योजना का मैदानी स्तर पर सही तरीके से क्रियान्वयन कराना सभी नोडल, क्लस्टर नोडल और कृषि के मैदानी अमले की जिम्मेदारी है। अतः ज़िले के गौठानों में नियमित तौर पर गोबर खरीदी कराने के अलावा उसकी पोर्टल में ऑनलाइन एंट्री कराना सुनिश्चित करें। साथ ही हितग्राहियों से खरीदे गए गोबर को टंकी में डलवाना सुनिश्चित कर खाद तैयार कराने की सतत मॉनिटरिंग करें। उक्त निर्देश आज कलेक्टर श्री पी एस एल्मा ने गोधन न्याय योजना से जुड़े नोडल अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने अब हर सप्ताह गोधन न्याय योजना की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों को दिए। इन ब्लॉक स्तरीय बैठकों की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से भेजने भी साफ तौर पर कहा है, जिससे वास्तविक स्थिति की समीक्षा की जा सके। कलेक्टर ने समझाइश दी कि तैयार खाद को गौठानों में रखने के बजाय सहकारी समितियों में भंडारण की क्षमता अनुसार भेजें, ताकि वहां से हितग्राही खाद खरीद सकें। दरअसल कलेक्टर श्री.एल्मा आज सुबह 11 बजे से गोधन न्याय योजना की ब्लॉकवार मैराथन बैठक लिए। इस दौरान उन्होंने उक्त बातें पर जोर दिया।
ज़िला पंचायत सभाकक्ष में आहूत इस बैठक में कलेक्टर ने दो पालियों में सक्रिय गौठानों में गोबर खरीदी, तैयार वर्मी कंपोस्ट, पोर्टल में एंट्री, बेचे गए वर्मी की गौठानवार समीक्षा की। उन्होंने सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक नगरी के 42 और मगरलोड के 43 तथा दोपहर दो बजे से कुरूद के 73 और धमतरी ब्लॉक के 82 गौठानों में योजना की प्रगति की समीक्षा की। गौरतलब है कि ज़िले में बने 327 गौठानों में से 247 गौठानों में गोबर खरीदी की जा रही है। योजना शुरू होने से अब तक 308024.47 क्विंटल गोबर खरीदी की गई है। इसमें से वर्मी कंपोस्ट 31579.51 क्विंटल, सुपर कंपोस्ट 6360 क्विंटल कुल 37939.51 क्विंटल खाद तैयार किया गया है। कलेक्टर ने नियमित तौर पर गौठानों की मॉनिटरिंग कर योजना को मिशन मोड पर चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत श्रीमती प्रियंका महोबिया सहित गौठान नोडल, क्लस्टर नोडल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत और उप संचालक कृषि सहित वरिष्ठ कृषि विकास, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मौजूद रहे।